ऑपरेशन आघात में कोतरारोड़ पुलिस की अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई

50 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़. रायगढ़ जिले में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में कोतरारोड़ पुलिस ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बिक्री की फिराक में ग्राहक तलाश कर रहे आरोपी से 50 लीटर महुआ शराब जब्त की है। थाना प्रभारी को मुखबीर से मिली सूचना पर तत्काल प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल के हमराह पुलिस टीम ग्राम जोरापाली में NH-49 से सीमेंट प्लांट जाने वाली सड़क किनारे पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके पर मौजूद युवक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम शाहिद सारथी उर्फ पिंटू बताया तथा शराब बिक्री के लिए रखना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के बताए स्थान पर सड़क किनारे गड्ढे में तलाशी ली, जहां दो अलग-अलग प्लास्टिक की बोरियों के अंदर प्लास्टिक पन्नियों में भरी महुआ शराब तथा दो अलग-अलग जरिकेन में भरी महुआ शराब बरामद हुई। मौके पर गवाहों की मौजूदगी में कुल 50 लीटर कच्ची महुआ शराब, कीमत ₹5,000 जब्त कर बरामदगी पंचनामा तैयार किया गया। आरोपी शाहिद सारथी उर्फ पिंटू के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *