रायगढ़ में 74 सरकारी स्कूलों की बिजली कनेक्शन कटी, 47.68 लाख का बिजली बिल बकाया

नोटिस के बाद भी भुगतान जमा नहीं किया, रायपुर से ऑटो कट हुए कनेक्शन

रायगढ़. जिले में 22 सौ से अधिक सरकारी स्कूलें हैं। जहां कई स्कूलों ने बिजली बिल लंबे समय से नहीं पटाया। ऐसे में सरकारी स्कूलों में बिजली बिल का भुगतान नहीं होने का खामियाजा अब स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। शिक्षा विभाग के स्कूलों और कार्यालयों का कुल 47.68 लाख रुपए का बिजली बिल बकाया होने के कारण बिजली कंपनी ने प्राथमिक, माध्यमिक और हाई स्कूल समेत 74 कनेक्शन काट दिए हैं। इनमें 72 स्कूलों का कुल बकाया करीब 23.10 लाख रुपए है, जबकि दो विभागीय कनेक्शनों पर ही 24.58 लाख रुपए बकाया है। बिजली कनेक्शन कटने से स्कूलों में पंखे और लाइट बंद हो गए हैं। गर्मी के बीच बच्चों को बिना पंखे के कक्षाओं में बैठना पड़ रहा है। कई कक्षाओं में 40 से 50 से अधिक बच्चे होने के कारण खासकर प्राथमिक कक्षाओं के छोटे बच्चों को परेशानी हो रही है। रोशनी नहीं होने से पढ़ाई और लिखने में भी दिक्कतें आ रही हैं। बताया जा रहा है कि बिजली विभाग के द्वारा शिक्षा विभाग को बकाया राशि जमा करने के लिए पहले नोटिस जारी किया गया था। विभाग को 10 सितंबर तक बकाया बिजली बिल का भुगतान करने कहा गया था। इसके बावजूद भुगतान नहीं होने पर रायपुर से इन 74 कनेक्शनों को ऑटोमेटिक तरीके से काट दिया गया।

रायपुर से आटो कट किया गया

बिजली विभाग जोन-1 के ईई आरके राव ने बताया कि स्कूलों पर बिजली बिल की बकाया राशि अधिक है। पहले विभाग को नोटिस दिया गया था, लेकिन भुगतान नहीं होने के कारण कनेक्शन काटे गए हैं। जिन स्कूलों की बकाया राशि जमा की जा रही है, उनके कनेक्शन दोबारा जोड़े भी जा रहे हैं।

अतिरिक्त राशि की मांग की गई

जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू ने बताया कि पीएम श्री गवर्नमेंट नटवर इंग्लिश मीडियम स्कूल की प्रायमरी विंग समेत अन्य स्कूलों के बिजली कनेक्शन कटे हैं। उनका कहना है कि विभाग को जितना बजट मिला था, वह बिजली बिल के भुगतान के लिए दे दिया गया है। अतिरिक्त बजट की मांग की गई है और इस संबंध में प्रक्रिया लगातार चल रही है। उन्होंने बताया कि पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं होने के कारण यह समस्या सामने आई है। जिले में करीब 2,200 स्कूल हैं। किस स्कूल का कितने वर्षों से बिजली बिल जमा नहीं हुआ है, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है, लेकिन जिन स्थानों पर बिल बकाया है, वहां कनेक्शन कटने की समस्या सामने आ रही है।

जानिए सबसे ज्यादा बिजली बिल यहां बकाया

बीईओ कार्यालय, नटवर स्कूल के सामने 13,72,834.59 डीईओ लाइब्रेरी, रायगढ़ 10,84,923.17 प्रभारी प्रधान पाठक, शासकीय माध्यमिक शाला, जोन-2 3,94,969.88 नटवर हाई स्कूल, रायगढ़ 1,89,450.60 प्रधान पाठक, कलमी (डीपापारा) 1,73,560.49 गर्ल्स हाई स्कूल (पुत्रीशाला) 1,57,847.85 शासकीय हाई स्कूल, चांदमारी 1,29,177.05 प्राथमिक शाला, कबीर चौक 63,688.48 प्राथमिक शाला, जूटमिल के सामने 52,316.86 शासकीय प्राथमिक शाला, भगवानपुर-किरोड़ीमल नगर 45,106.78

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *