धरमजयगढ़ वन मंडल की कई रेंज में ग्रामीणों को वन्यजीव संरक्षण का संदेश
रायगढ़. जिले के दोनों वन मंडलों में 2 से 8 अक्टूबर तक वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह मनाया जा रहा है। सप्ताह के पहले दिन रायगढ़ वन परिक्षेत्र में कोई खास जागरूकता कार्यक्रम नजर नहीं आया। हालांकि तमनार, घरघोड़ा और खरसिया रेंज में वन विभाग की ओर से रैली सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। रायगढ़ रेंज में अंतिम दिन जागरूकता रैली निकालने की बात वन परिक्षेत्राधिकारी के द्वारा की जा रही है। वहीं धरमजयगढ़ वन मंडल के रूपुंगा, लैलूंगा, कापू, उदउदा, बोरो, बाकारूमा और धरमजयगढ़ रेंज में भी वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह की शुरुआत जागरूकता कार्यक्रमों के साथ की गई। कहीं बाइक रैली निकाली गई तो कहीं ग्रामीणों को प्रोजेक्टर के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण और हाथियों से बचाव के उपाय बताए गए।










