विद्युत लाइन से अवैध हुकिंग कर जंगली सुअर का शिकार, एक आरोपी गिरफ्तार

जंगल गश्त के दौरान वनकर्मियों ने मृत जंगली सुअर के साथ आरोपी को पकड़ा, दूसरा आरोपी फरार

रायगढ़. वन विभाग की टीम ने जंगल गश्त के दौरान ग्राम भुईकुर्री में एक व्यक्ति को मृत जंगली सुअर के साथ पकड़ा। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने विद्युत लाइन से अवैध हुकिंग कर नर जंगली सुअर का शिकार किया था। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की है। मामला रायगढ़ वन परिक्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार, गुरूवार को परिसर रक्षक देलारी, परिसर रक्षक लाखा व परिसर रक्षक जिवरी जंगल गश्त पर थे। इसी दौरान ग्राम भुईकुर्री में एक व्यक्ति को मृत जंगली सुअर के साथ पकड़ा गया। मौके पर मृत वन्यप्राणी की जांच की गई। जांच के दौरान पता चला कि जयप्रकाश राठिया निवासी भुईकुर्री ने तुलाराम राठिया के साथ मिलकर विद्युत लाइन से अवैध हुकिंग कर नर जंगली सुअर का शिकार किया था।            

वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

मृत नर जंगली सुअर अनुसूची-2 के वन्यप्राणी का अवैध शिकार किए जाने के मामले में वन विभाग ने भारतीय वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 2(1), 16, 9, 39 व 50 के तहत अपराध क्रमांक 7541/21, दिनांक 08.10.2026 दर्ज किया है। मामले में जयप्रकाश राठिया वल्द कृपाराम राठिया (40 वर्ष), निवासी भुईकुर्री, थाना पूंजीपथरा, तहसील एवं जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया गया है। वहीं, मामले में शामिल दूसरा आरोपी तुलाराम राठिया निवासी भुईकुर्री घटना के बाद से फरार है। वन विभाग की टीम द्वारा उसकी पतासाजी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *