रायगढ़ में माता रानी के जयकारे से गूंजे देवी मंदिर, घट स्थापना के साथ नवरात्र शुरू

बूढ़ी माई मंदिर में 2 हजार दीप प्रज्वलित किए जा रहे

Raigarh News; रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में शारदीय नवरात्र के पहले दिन रायगढ़ के देवी मंदिरों में भक्तिमय माहौल रहा। नवरात्र को लेकर शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में पहले से ही तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। गुरुवार को शुभ मुहूर्त में मंदिरों में घट स्थापना कर मां दुर्गा की आराधना शुरू की गई। सुबह से ही श्रद्धालु देवी मंदिरों में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने लगे थे। मंदिरों में भजन-कीर्तन के साथ माता की आराधना की जा रही है। शहर के बूढ़ी माई मंदिर में नवरात्र के पहले दिन विशेष आयोजन किए गए। यहां 2 हजार दीप प्रज्वलित किए जा रहे हैं। वहीं, तराईमाल स्थित मां बंजारी मंदिर में भी विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर नवरात्र की शुरुआत की गई। दूसरी ओर, ठाकुर देव दुर्गा मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई

बूढ़ी माई मंदिर समिति के अध्यक्ष राजू पांडे ने बताया कि नवरात्र को लेकर मंदिर में करीब सप्ताहभर पहले से तैयारियां की जा रही थीं। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। श्रद्धालुओं को दर्शन और पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि अभिजीत मुहूर्त में घट स्थापना की गई और 2 हजार दीप प्रज्वलित किए गए हैं।

अष्टमी पर निशा पूजा और कन्या भोज

मंदिर समिति के अध्यक्ष राजू पांडे ने बताया कि अष्टमी की रात निशा पूजा होगी। वहीं, अष्टमी की सुबह नौ कन्याओं को भोज कराया जाएगा। नवरात्र के दौरान मंदिर में पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *