वन विभाग ने देर रात तक चलाया रेस्क्यू, पहचान की पुष्टि करने में जूटा विभाग
रायगढ़. जिला के छाल रेंज में 40 हाथियों के दल से एक शावक बिछड़ गया। जिसका वन विभाग ने रेस्क्यू कर रात में उसे उसके दल से मिला दिया, पर सुबह एक शावक का शव खेत में मिला है। ऐसे में अब विभाग के द्वारा उस मृत शावक की पुष्टि की जा रही है कि यह वही बिछड़ा शावक है या और कोई शावक है। जिसकी प्रक्रिया में विभाग के अधिकारी जूट गए हैं। मामला धरमजयगढ़ वन मंडल का है। मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज में 40 हाथियों के दल से एक शावक बिछड़ गया। रिलो गांव में रात के समय हाथियों का दल खेतों की तरफ पहुंचा था और बाद में ग्रामीणों ने देखा कि एक नन्हा शावक अपने दल से अलग होकर खेत में ही छूट गया। जिसके बाद मामले की जानकारी वन अमला को दी गई। ऐसे में विभागीय अधिकारी व हाथी मित्र दल के सदस्य मौके पर पहुंचे। जहां रात भर उस पर निगरानी की गई है कि दल आकर उसे ले जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ऐसे में शावक को रेंज कार्यालय लाया गया और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उसे दूध व नारियल पानी पर्याप्त मात्रा में दिया गया। इसके बाद दल से मिलाने के लिए विभाग ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया।








