प्लांट से कॉपर ट्यूब चोरी करने वाले आरोपी सहित तीन गिरफ्तार, गए जेल, पूंजीपथरा पुलिस की कार्रवाई

क्रेन से कॉपर ट्यूब निकालकर प्लांट की दीवार के बाहर फेंका, बाद में काटकर अलग-अलग कबाड़ियों को बेचा

रायगढ़. पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित वेजरॉन इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड प्लांट से कॉपर ट्यूब चोरी के मामले में पूंजीपथरा पुलिस ने चोरी करने वाले आरोपी, चोरी के माल को बेचने में सहयोग करने वाले ऑटो चालक तथा चोरी की संपत्ति खरीदने वाले कबाड़ी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15 किलोग्राम कॉपर ट्यूब बरामद की है। मामले के संबंध में दिनांक 24.11.2026 को प्रार्थी दीप मुखर्जी (36 वर्ष), जनरल मैनेजर, वेजरॉन इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, चिराईपानी द्वारा थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। प्रार्थी के अनुसार प्लांट में एसएमएस बिलेट का कार्य संचालित होता है, जहां भट्टी गर्म करने के लिए कॉपर ट्यूब का निर्माण किया जाता है। दिनांक 02.10.2026 की रात्रि तक कार्यक्षेत्र में रखी कॉपर ट्यूब सुरक्षित थी, लेकिन 23.11.2026 की सुबह जांच करने पर करीब 20 किलोग्राम वजन की कॉपर ट्यूब, जिसकी कीमत लगभग 45 हजार रुपये है, गायब मिली। रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 310/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम चोरी गए माल एवं आरोपियों की पतासाजी में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इंदिरा आवास पूंजीपथरा निवासी संदेही नित्यानंद राठिया चोरी की कॉपर ट्यूब का कुछ हिस्सा एक ऑटो चालक के साथ लेकर रायगढ़ की ओर बिक्री करने जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा। पूछताछ में नित्यानंद ने बताया कि वह करीब दो माह पहले वेजरॉन प्लांट में क्रेन ऑपरेटर के रूप में काम करता था। इसी दौरान 02 अक्टूबर की रात्रि प्लांट में रखी करीब 20 किलो कॉपर ट्यूब को क्रेन की सहायता से उठाकर पीछे की दीवार के बाहर फेंक दिया था। अगले दिन उसने आरी ब्लेड से कॉपर ट्यूब को काटकर अलग-अलग हिस्सों में बांटा और विभिन्न स्थानों पर छिपाकर रखा। आरोपी ने बताया कि चोरी की कॉपर ट्यूब में से करीब 5 किलो अलग-अलग कबाड़ियों को बेचकर 5 हजार रुपये प्राप्त किए थे। वहीं करीब 5 किलो कॉपर ट्यूब रायगढ़ के ऑटो चालक विकास उर्फ पतालू की मदद से पूछापारा निवासी कबाड़ी लक्ष्मी प्रसाद महेश को 5 हजार रुपये में बेची थी। इस बिक्री में ऑटो चालक को 2 हजार रुपये दिए थे तथा शेष रकम खर्च कर दी थी। शेष बची कॉपर ट्यूब को भी बेचने के लिए वह विकास उर्फ पतालू के ऑटो से रायगढ़ जा रहा था। आरोपी की निशानदेही पर गांव के तालाब के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी करीब 5 किलो कॉपर ट्यूब भी बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी नित्यानंद राठिया के मेमोरेंडम कथन पर करीब 5 किलो कॉपर ट्यूब, कबाड़ी लक्ष्मी प्रसाद महेश के कब्जे से करीब 5 किलो कॉपर ट्यूब तथा ऑटो चालक विकास उर्फ पतालू के ऑटो में लोड करीब 5 किलो कॉपर ट्यूब जप्त की। जांच में कबाड़ी लक्ष्मी प्रसाद महेश द्वारा चोरी की संपत्ति होने की जानकारी के बावजूद उसे खरीदकर अपने कब्जे में रखना पाए जाने पर प्रकरण में धारा 317(2) बीएनएस विस्तारित की गई। प्रकरण में पुलिस ने (1) नित्यानंद राठिया पिता उत्तम सिदार, उम्र 25 वर्ष, निवासी छोटेपाली, इंदिरा आवास, थाना पूंजीपथरा, (2) लक्ष्मी प्रसाद महेश पिता स्व. डहरू राम महेश, उम्र 38 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11, पूछापारा, गायत्री नगर, थाना कोतवाली रायगढ़ तथा (3) विकास उर्फ पतालू सहिस पिता राजकुमार सहिरा, उम्र 28 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11, जोगीडीपा, थाना कोतवाली रायगढ़ को गिरफ्तार कर दिनांक 24.11.2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *