रायगढ़ में ग्रामीण कुरजा नाला पार कर पहुंचे, सुरक्षित प्रसव से जच्चा-बच्चा स्वास्थ्य
रायगढ़. रायगढ़ जिला में एक वीडियो सामने आया है। जिसमें एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर ग्रामीण उसे खाट पर लिटाकर उप स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाए। सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी और खाट से गर्भवती महिला को स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचा गया। जहां प्रसव के बाद जच्च-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। मिली जानकारी के मुताबिक धरमजयगढ़ ब्लाॅक के पेलमा के आश्रित ग्राम दर्रापारा में रहने वाली निवासी राईसो राठिया को शुक्रवार देर रात अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हुई। महिला की हालत को देखते हुए परिजनों और ग्रामीणों ने उसे तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने की तैयारी की, लेकिन सड़क की सुविधा नहीं होने के कारण एंबुलेंस या अन्य वाहन मोहल्ले तक नहीं पहुंच सका। समय को देखते हुए ग्रामीणों ने खाट की व्यवस्था की। महिला को खाट पर सुरक्षित लिटाकर कई ग्रामीण उसे अपने कंधों पर उठाकर रात के अंधेरे में कुरजा नाला तक पहुंचे। इसके बाद पानी के बीच सावधानी से नाला को पार कर महिला को दूसरी ओर लाया गया। यहां से उसे पेलमा की मुख्य बस्ती स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जिसका वीडियो भी अब सामने आया है।
अस्पताल पहुंचते ही कराया गया प्रसव
स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने के बाद महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। राहत की बात यह रही कि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ और सुरक्षित हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दोनों को निगरानी के लिए अस्पताल में रखा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से इस गांव की सड़क नहीं बन सकी है। जिसके कारण अक्सर इस तरह की समस्याएं आती है।
ग्रामीणों को बरसात में परेशानी होती है
खंड चिकित्सा अधिकारी गजानंद राठिया ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र कुरजा नाला से करीब 50 मीटर की दूरी पर है, जबकि दर्रापारा यहां से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर है। बरसात के दिनों में गांव तक पहुंचना काफी मुश्किल हो जाता है। सड़क नहीं होने के कारण फोरव्हीलर भी वहां तक नहीं पहुंच पाती। ऐसे में मरीजों को अस्पताल लाने में ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। दोनों को करीब तीन दिन तक स्वास्थ्य केंद्र में निगरानी में रखा जाएगा, इसके बाद स्थिति सामान्य रहने पर डिस्चार्ज किया जाएगा।