खरसिया रेंज में वन विभाग के उड़नदस्ते की कार्रवाई; आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू, अन्य शिकारियों की तलाश में जुटी टीम
रायगढ़।.जिले के खरसिया वन परिक्षेत्र में वन्यप्राणियों के शिकार का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह वन विभाग के उड़नदस्ते ने ग्राम कुकड़ीचोली में एक युवक को उसके घर में जंगली सुअर का मांस पकाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने 8 से 10 साथियों के साथ मिलकर बारूद गोले से जंगली सुअर का शिकार करना स्वीकार किया है। इसके बाद से वन विभाग की टीम अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
मुखबिर की सूचना पर घर पहुंची टीम
वन विभाग के उड़नदस्ते को शुक्रवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि खरसिया रेंज के जंगल में जंगली सुअर का शिकार किया गया है। शिकार के बाद ग्राम कुकड़ीचोली निवासी विजय राठिया (24) अपने घर में उसका मांस पका रहा है। सूचना मिलते ही उड़नदस्ते के सहायक प्रभारी संदीप नामदेव, सोमेश टोप्पो सहित टीम मौके पर पहुंची। घर की जांच के दौरान विजय को जंगली सुअर का मांस पकाते हुए पाया गया। टीम ने तत्काल उसे पकड़ लिया और पके हुए मांस को जब्त कर लिया।
पूछताछ में खुला शिकार का राज
कार्रवाई के बाद आरोपी विजय राठिया को हिरासत में लेकर खरसिया रेंज कार्यालय लाया गया। यहां पूछताछ में उसने बताया कि करीब 8 से 10 लोगों के साथ मिलकर जंगल में बारूद गोले की मदद से जंगली सुअर का शिकार किया था। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर वन विभाग की टीम अब उसके अन्य साथियों की पतासाजी कर रही है।
दो दिन पहले भी मिली थी शिकार की सूचना
बताया जा रहा है कि खरसिया वन परिक्षेत्र में दो दिन पहले भी शिकार की सूचना मिली थी। उस समय उड़नदस्ते की टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका था। अब ताजा मामले में आरोपी के पकड़े जाने के बाद क्षेत्र में शिकार के नेटवर्क की जांच की जा रही है।
वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज
वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39, 51 और 52 के तहत पीओआर (प्राथमिक अपराध रिपोर्ट) दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।








