बंगुरसिया में दो ठिकानों पर छापेमारी में 14 लीटर महुआ शराब जब्त, आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्जरायगढ़. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत चक्रधरनगर पुलिस द्वारा अवैध महुआ शराब बिक्री पर कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिक्री के लिए छिपाकर रखी गई कुल 14 लीटर महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 2,800 रुपये है, जब्त की है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 नवंबर 2026 को चक्रधरनगर पुलिस को ग्राम बंगुरसिया में अवैध महुआ शराब बिक्री की मुखबिर से सूचना मिली। इस पर प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीषा धुर्वे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पहली कार्रवाई करते हुए इंदिरा आवास पारा निवासी संतोष कुमार विश्वकर्मा (34 वर्ष), पिता निर्मल विश्वकर्मा, के घर के पीछे बाड़ी में दबिश दी। तलाशी के दौरान लकड़ी के नीचे छिपाकर रखी गई दो-दो लीटर क्षमता की चार कोल्ड ड्रिंक बोतलों में भरी कुल 8 लीटर महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1,600 रुपये है। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की।इसी क्रम में चक्रधरनगर पुलिस टीम ने ग्राम बंगुरसिया निवासी महिला गुरबारी साहू (58 वर्ष), के घर पर भी छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर के आंगन में दीवार के किनारे बोरी से ढककर रखी गई 6 लीटर महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1,200 रुपये है। पुलिस ने शराब जब्त कर महिला आरोपी के विरुद्ध भी धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की।