लोइंग में शुरू हुआ निःशुल्क नशा मुक्ति केंद्र, नशे से पीड़ित लोगों को मिलेगा उपचार और परामर्श

  रायगढ़. कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से लोइंग में विशेष नशा मुक्ति केंद्र शुरू किया गया है। इस केंद्र के माध्यम से नशे की गिरफ्त में आ चुके लोगों को निःशुल्क परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यहां शराब, तंबाकू और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। केंद्र में 24 घंटे निःशुल्क परामर्श, विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन, प्रभावित व्यक्तियों की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यकतानुसार पुनर्वास केंद्र में सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। साथ ही खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, जागरूकता शिविरों एवं रैलियों के माध्यम से युवाओं और समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने स्थानीय नागरिकों, युवाओं, स्कूलों एवं सामाजिक संगठनों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। विभाग ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। ऐसे में नशे से पीड़ित लोगों को समय पर उपचार और परामर्श दिलाकर उन्हें सामान्य जीवन की मुख्यधारा से जोड़ना आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *