उपमुख्यमंत्री ने किया भूमिपूजन-लोकार्पण, शहर के विकास के लिए चार और बड़े कार्यों की घोषणा
रायगढ़. सेवा संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ में विकास कार्यों को गति देने सोमवार को ऑडिटोरियम में भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपमुख्यमंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के कुल 126.92 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण हुआ। वहीं उपमुख्यमंत्री ने शहर के विकास के लिए चार और बड़े कार्यों की घोषणा की। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी.चौधरी दिल्ली से वर्चुअली कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान, राज्यगीत और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुई। नगर निगम के जनप्रतिनिधियों ने उपमुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को पूर्ण हो चुके आवासों की प्रतिकात्मक चॉबी भी सौंपी गई।
रायगढ़ को विकसित जिला बनाने तेज गति से कार्य जारी- उप मुख्यमंत्री
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि रायगढ़ तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। रायगढ़ जिले को विकसित जिला बनाने के लिए तेज गति से काम किया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत विकास कार्यों को गति देने के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ नगर निगम की ओर से लगभग 10 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की सूची उन्हें दी गई है। इन कार्यों के लिए शीघ्र स्वीकृति प्राप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि रायगढ़ के विकास के लिए राशि की कोई कमी नहीं होगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने शहर के विकास के लिए चार अतिरिक्त कार्यों की घोषणा की। इनमें संजय मार्केट के निर्माण एवं उन्नयन के लिए 15.67 करोड़ रुपए, रामलीला मैदान के विकास, मंच एवं पवेलियन निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपए, तालाब के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 4.99 करोड़ रुपए तथा केवड़ाबाड़ी से मरीन ड्राइव तक सनलाईजेशन कार्य के लिए 9.97 करोड़ रुपए शामिल हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रायगढ़ में सड़क, नाली, जल निकासी, बाजार, खेल और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ औद्योगिक गतिविधियों के साथ अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान के लिए भी जाना जाता है। विकास कार्यों के माध्यम से शहर की सुविधाओं को बेहतर बनाते हुए रायगढ़ को विकसित और सुव्यवस्थित शहर के रूप में आगे बढ़ाना है। उन्होंने निर्माण एजेंसियों से कहा कि विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी बोले- औद्योगिक पहचान के अनुरूप विकसित हो रहा रायगढ़
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी.चौधरी ने दिल्ली से वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि रायगढ़ के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में रायगढ़ नगर निगम को विभिन्न योजनाओं के तहत 384.66 करोड़ रुपए के कार्यों की स्वीकृति मिली है। वहीं लोक निर्माण विभाग के माध्यम से जिले में सड़क, भवन और पुल सहित विभिन्न कार्यों के लिए 1426 करोड़ रुपए की स्वीकृति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रायगढ़ के रिंग रोड के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। रायगढ़-घरघोड़ा फोरलेन तथा पूंजीपथरा-तमनार फोरलेन की दिशा में भी कार्य आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा तमनार-उरगा-लैलूंगा, तमनार बाईपास, कया-कमतरा- चरखापारा-ससकोबा-बंधनपुर और कोड़ातराई-पुसौर फोरलेन सहित विभिन्न सड़क परियोजनाओं का भी उन्होंने उल्लेख किया। उन्होंने रायगढ़ में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, संगीत महाविद्यालय भवन और वर्किंग वूमेन हॉस्टल जैसे कार्यों की जानकारी भी दी। वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ की अधोसंरचना को उसकी औद्योगिक पहचान के अनुरूप मजबूत किया जा रहा है।
राज्यसभा सांसद ने कहा- औद्योगिक विकास के अनुरूप मजबूत हो अधोसंरचना
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि रायगढ़ औद्योगिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान वाला जिला है। औद्योगिक विकास के अनुरूप शहर की अधोसंरचना को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज नगर निगम के करीब 60 करोड़ रुपए और लोक निर्माण विभाग के करीब 67 करोड़ रुपए के कार्यों की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के सामूहिक प्रयास से रायगढ़ को विकास की नई दिशा में आगे ले जाया जा रहा है।
इन कार्यों का हुआ भूमिपूजन एवं लोकार्पण
नगर निगम रायगढ़ के अंतर्गत भूमिपूजन वाले कार्यों में 15वें वित्त आयोग से 28 सड़क, नाली, उद्यान सहित अन्य विकास कार्यों के लिए 10.55 करोड़ रुपए, केवड़ाबाड़ी चौक से मरीन ड्राइव कैनाल लिंक रोड के लिए 25.63 करोड़ रुपए और वार्ड क्रमांक 42 में आईएसबीटी निर्माण के लिए 20.75 करोड़ रुपए शामिल हैं। वहीं 2 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से टाउन हॉल में 20 लाख लीटर पानी टंकी के निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया।
इसी तरह लोक निर्माण विभाग के तहत 67.80 करोड़ रुपए के चार कार्यों का भूमिपूजन हुआ। इनमें ढिमरापुर चौक से कोतरा थाना चौक तक 4.125 किमी सड़क का चौड़ीकरण एवं फोरलेन निर्माण, दनौट-कया-कमतरा मार्ग का उन्नयन एवं 60 मीटर पुल, मुकडेगा से करवारजोर 6.50 कि.मी. सड़क तथा घरघोड़ा विश्रामगृह में अतिरिक्त कक्ष एवं भवन जीर्णोद्धार के कार्य शामिल हैं। कार्यक्रम में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।









