तीन दिवसीय आयोजन में 25 टीमों ने लिया हिस्सा, विजेता टीमों और उत्कृष्ट खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
रायगढ़. अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का 21 सितंबर को समापन हुआ। 19 से 21 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग की कुल 25 टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें 14 पुरुष और 11 महिला टीमें शामिल रहीं। तीन दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में खरसिया जनपद, कबड्डी संघ, नगर निगम रायगढ़, तमनार जनपद, बरमकेला जनपद, धरमजयगढ़ जनपद, लैलूंगा जनपद, पुसौर जनपद, घरघोड़ा जनपद, रायगढ़ जनपद, सारंगढ़ जनपद, राजा चक्रधर, जिंदल फाउंडेशन तथा पुलिस विभाग की टीमों ने हिस्सा लिया। महिला वर्ग में अडानी फाउंडेशन, रायगढ़ जनपद, जिंदल फाउंडेशन रायगढ़, पुसौर जनपद, खरसिया जनपद, लैलूंगा जनपद, तमनार जनपद, घरघोड़ा जनपद, धरमजयगढ़ जनपद, जिंदल फाउंडेशन तमनार तथा नगर निगम रायगढ़ की टीमें शामिल रहीं।
पुरुष वर्ग में तमनार जनपद प्रथम, धरमजयगढ़ जनपद द्वितीय, खरसिया जनपद तृतीय और कबड्डी संघ की टीम चतुर्थ स्थान पर रही। महिला वर्ग में अडानी फाउंडेशन प्रथम, जिंदल फाउंडेशन द्वितीय, लैलूंगा जनपद तृतीय और धरमजयगढ़ जनपद चतुर्थ स्थान पर रहा। दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त टीम को 51 हजार रुपए, द्वितीय को 31 हजार रुपए तथा तृतीय और चतुर्थ स्थान प्राप्त टीमों को 10-10 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। पुरुष वर्ग में धरमजयगढ़ के यशवंत कमलवंशी को बेस्ट कैचर, तमनार के जागृत पटेल को बेस्ट रेडर और तमनार के आशीष सिदार को ऑलराउंडर का पुरस्कार मिला। महिला वर्ग में प्राची को बेस्ट कैचर, रीना को बेस्ट रेडर और भूमिका को ऑलराउंडर का पुरस्कार दिया गया।









