हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा: पौध उत्पादन से रोपण तक दिया गया प्रशिक्षण

महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने उद्यान रोपणी बोइरदादर में सीखी मुनगा उत्पादन की तकनीक

रायगढ़. हर घर तक मुनगा पहुंचाने और इसके पौधरोपण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग विकासखंड रायगढ़ की टीम को मुनगा पौध उत्पादन एवं रोपण की वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का आयोजन 28 सितम्बर को शासकीय उद्यान रोपणी, बोइरदादर में किया गया। प्रशिक्षण के दौरान टीम को मुनगा नर्सरी में पौध उत्पादन की प्रक्रिया, पौध तैयार करने की विधि और खेत में पौध रोपण की तकनीक के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पौधों के बीच उचित दूरी रखने, खाद एवं उर्वरक के संतुलित उपयोग तथा पौधों की नियमित देखभाल के संबंध में भी व्यावहारिक जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने मुनगा पौधों को प्रभावित करने वाले प्रमुख कीट एवं रोगों की पहचान, उनके उपचार तथा रोकथाम के उपायों की जानकारी भी दी। साथ ही बेहतर वृद्धि और अधिक उत्पादन के लिए आवश्यक प्रबंधन, सिंचाई एवं देखभाल से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं को समझाया गया। अभियान का उद्देश्य मुनगा को घर-घर तक पहुंचाकर पोषण, स्वास्थ्य और हरियाली को बढ़ावा देना है। प्रशिक्षण के माध्यम से विभागीय टीम को मुनगा पौध तैयार करने से लेकर उसके रोपण और देखभाल तक की जानकारी मिली, जिससे अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *