संकुल केंद्र बनोरा में मिडिल स्तर का बाल शोध मेला संपन्न

रायगढ़. सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड रायगढ़ अंतर्गत संकुल केंद्र बनोरा में मिडिल स्तर का बाल शोध मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषय पर बच्चों द्वारा आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए गए। बच्चों ने अपने मॉडल के वैज्ञानिक सिद्धांतों को बखूबी समझाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत रायगढ़ अध्यक्ष सुजाता चौहान, पार्वती निषाद सरपंच ग्राम पंचायत बनोरा, भारती सिदार सरपंच ग्राम पंचायत बेलरिया, संजय पटेल विकासखंड शिक्षा अधिकारी रायगढ़, मनोज अग्रवाल बीआरसीसी रायगढ़, किरण मिश्रा एपीसी समग्र शिक्षा रायगढ़ एवं योगिता पाठक समग्र शिक्षा रायगढ़ उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा सभी मॉडलों का अवलोकन किया गया तथा बच्चों से मॉडल से संबंधित प्रश्न पूछकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुत करने वाले बच्चों को प्रथम, द्वितीय पुरस्कार तथा अन्य प्रतिभागी बच्चों को प्रोत्साहन पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन संकुल समन्वयक रविन्द्र कुमार पटेल एवं समस्त शिक्षक स्टाफ संकुल बनोरा द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *