लकड़ी तस्करी पर उड़नदस्ता का छापा, 65 नग चिरान जब्त, बड़ई के औजार और मशीनें जब्त

आमपाली में घर से सागौन के 3 दरवाजे भी मिले, आरोपी पर वन अधिनियम के तहत केस

रायगढ़. रायगढ़ वन मंडल में लकड़ी तस्करी के खिलाफ उड़नदस्ता टीम की लगातार कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। एक के बाद एक ठिकानों पर दबिश देकर अवैध लकड़ी और चिरान जब्त किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के ग्राम आमपाली में टीम ने छापेमारी कर 65 नग लकड़ी चिरान और सागौन से बने 3 दरवाजे जब्त किए हैं। मौके से लकड़ी काटने और तराशने में इस्तेमाल होने वाले औजार व मशीनें भी बरामद की गई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, उड़नदस्ता दल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आमपाली निवासी कुमार राठिया के घर में अवैध रूप से सागौन का चिरान रखा गया है। सूचना मिलने के बाद टीम ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया और मौके पर पहुंचकर छापामार कार्रवाई की। तलाशी के दौरान घर से 65 नग लकड़ी चिरान और सागौन के 3 दरवाजे मिले। इसके अलावा कतर मशीन, ड्रिल मशीन, बड़ी आरी, छोटी आरी समेत बड़ई के अन्य औजार जब्त किए गए।

वन विभाग ने मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल मामले में पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

घरघोड़ा क्षेत्र में लगातार मिल रही अवैध लकड़ी

घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में अवैध लकड़ी की बरामदगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इससे पहले ग्राम ढेरम में भी बड़ी मात्रा में साल और सागौन का चिरान व गोला बरामद किया गया था। इसके अलावा पूर्व में उड़नदस्ता टीम ने ट्रक में लोड अवैध लकड़ी भी पकड़ी थी।

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से क्षेत्र में अवैध लकड़ी के कारोबार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उड़नदस्ता टीम की कार्रवाई के बाद अब वन विभाग की निगरानी और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने की चुनौती भी अहम हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *