लाखों रुपये की जुआ रकम बरामद, जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
रायगढ़. जिले में जुआ-सट्टा के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए खरसिया के रानीसागर और कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में संचालित दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर एक साथ दबिश दी। एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन पर सीएसपी राहुल उइके एवं ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने दोनों स्थानों से कुल 29 जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे एवं फड़ से ₹9,00,500 नगद जब्त किया है। पकड़े गए जुआरियों के विरुद्ध धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा जिले में जुआ-सट्टा के विरुद्ध संचालित “ऑपरेशन अंकुश” की जिम्मेदारी सीएसपी राहुल उइके को सौंपी गई है। इसी क्रम में पुलिस को थाना खरसिया के रानीसागर एवं थाना कोतरारोड़ क्षेत्र के ग्राम तारापुर में जुआ खेले जाने की सूचना मिली। सूचना पर एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में सीएसपी राहुल उइके एवं ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर दोनों स्थानों पर सुनियोजित तरीके से रेड कार्रवाई की गई।








