दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए कार्यपालिक दंडाधिकारी तैनात

19 से 22 अक्टूबर तक विसर्जन स्थलों पर रहेगी प्रशासन की निगरानी, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई

रायगढ़. दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां की हैं। जिला मुख्यालय में 19 से 22 अक्टूबर तक होने वाले विसर्जन कार्यक्रमों के मद्देनजर विभिन्न तालाबों और केलो नदी मरीन ड्राइव पर कार्यपालिक दंडाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इस दौरान विसर्जन स्थलों पर भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक व्यवस्था की निगरानी की जाएगी। जारी आदेश के अनुसार, शिवकुमार डनसेना, तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी रायगढ़ को केलो नदी मरीन ड्राइव अतरमुड़ा तालाब में तैनात किया गया है। हरनंदन, नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी रायगढ़ को विजयपुर तालाब की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं शुभम कुमार, नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी रायगढ़ पतरापाली तालाब और पटेलपाली तालाब में व्यवस्था संभालेंगे। प्रतीक देवांगन, नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी पुसौर को भूतबंधान तालाब, बैकुंठपुर में तैनात किया गया है। जिला मुख्यालय में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन केलो नदी मरीन ड्राइव, विजयपुर तालाब, अतरमुड़ा तालाब, पतरापाली तालाब, पटेलपाली तालाब और भूतबंधान तालाब, बैकुंठपुर में किया जाएगा। इन स्थानों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। आदेश में निर्देशित किया गया है कि सभी तैनात कार्यपालिक दंडाधिकारी शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुविभागीय दंडाधिकारी के निरंतर संपर्क में रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *