रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों का आंदोलन, 17 सूत्रीय मांगों में सिर्फ इंटर्न का स्टाइपेंड बढ़ा, बाकी मांगें अधूरी

रायगढ़. रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में गुरुवार से सीनियर रेजिडेंट, पीजी रेजिडेंट, जूनियर रेजिडेंट और एमबीबीएस डॉक्टरों ने प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू कर दिया है। डॉक्टरों ने ओपीडी सेवा का बहिष्कार कर अपनी 17 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। शुक्रवार को भी आंदोलन जारी रहा। तेज बारिश के बीच 200 से ज्यादा जूनियर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज परिसर में नारेबाजी की। डॉक्टरों का कहना है कि शासन ने उनकी 17 सूत्रीय मांगों में से सिर्फ इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की है। बाकी मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे डॉक्टरों में नाराजगी है। शुक्रवार को डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज से आंदोलन शुरू किया। इसके बाद 200 से अधिक जूनियर डॉक्टर नारेबाजी करते हुए अंबेडकर चौक पहुंचे। यहां से सभी पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। जेडीए रायगढ़ अध्यक्ष डॉ. विकास ने बताया कि डॉक्टरों की ओर से 17 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन करीब एक महीने पहले ही शासन को सौंपा गया था। शासन ने इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाया है, लेकिन बाकी मांगें अभी पूरी नहीं हुई हैं। उन्होंने कहा कि सभी मांगों पर निर्णय नहीं होना चिंताजनक है। इसी के चलते डॉक्टरों ने ओपीडी सेवा का बहिष्कार किया है। डॉक्टरों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है। डॉ. विकास ने कहा कि यदि उनकी मांगों का जल्द निराकरण नहीं किया गया तो 28 सितंबर से इमरजेंसी सेवा का भी बहिष्कार किया जाएगा।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *