वन विभाग आगे की कार्रवाई में जूटी, 50 हाथी का दल कर रहा विचरण
रायगढ़. जिला में बुधवार की सुबह एक हाथी शावक की मौत हो गई। सुबह उसके शव को पानी में देखा गया। जिसके बाद विभागीय अमला के द्वारा किसी तरह उसे बाहर निकलवा कर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामला तमनार थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक तमनार रेंज के सामारूमा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से तकरीबन 50 हाथियों का दल विचरण कर रहा है, जो हर शाम सड़को पर आ रहा था। यही हाथी का दल देर रात में छैडोरिया क्षेत्र के तालाब में नहाने या पानी पीने उतरा था। तभी हाथियों के झुंड में मौजूद एक शावक पानी में डूब गया और पानी से नहीं निकल सका। इससे उसकी मौत हो गई। सुबह इसकी जानकारी वन अमला को लगी, तो तत्काल एसडीओ, रेंजर समेत वनकर्मी मौके पर पहुंचे और शावक को बाहर निकालवाने का काम शुरू किया। जहां प्रारंभिक जांच में यह बताया जा रहा है कि झुंड में शावक दब गया होगा। वहीं शावक बहुत छोटा था और ऐसा लग रहा है कि वह महज 3-4 दिन का होगा। मामले में शावक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जिसके बाद स्पष्ट हो सकेगा कि हाथी की मौत किन कारणों से हुई है।
मामले में आगे की जांच की जा रही
घरघोड़ा सबडिवीजन के SDO आशुतोष मंडावा ने बताया कि छैडोरिया गांव के पास तालाब में डूबने से हाथी शावक की मौत हो गई है। पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस इलाके में लंबे समय से 51 हाथियों का बड़ा दल विचरण कर रहा था, जिसमें एक हाथी का दल दूसरी जगह चला गया है। इसी दल में हाल फिलहाल में जन्म हुए शावक की मौत हो गई है। मामले में जांच की जा रही है।