शिक्षा, खेलकूद एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मिला सम्मान, अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
रायगढ़. गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन रायगढ़ द्वारा रविवार को पॉलिटेक्निक कॉलेज ऑडिटोरियम में ‘सितारे-ए-मुस्तक़बिल (प्रतिभा सम्मान समारोह-2026)’ एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन पहली बार किया गया। समारोह में शिक्षा, खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मुस्लिम समाज के 33 प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों तथा स्टेट टॉपर को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही खेलकूद, निबंध प्रतियोगिता और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया गया। बेसबॉल के नन्हे खिलाड़ियों की उपलब्धियों को भी सराहा गया। सम्मानित प्रतिभाओं में राष्ट्रपति पदक प्राप्त अलीशा अंसारी और प्रतिष्ठित हिन्दू कालेज दिल्ली मे दाखिला प्राप्त अमान खान जैसे होनहार शामिल रहे।कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी रायगढ़ श्यामानन्द साहू, दैनिक बयार के संपादक सुभाष त्रिपाठी ओ.पी. जिंदल स्कूल रायगढ़ के प्राचार्य आर.के. त्रिवेदी, ‘आकाश’ इंस्टीट्यूट रायगढ़ के मोहम्मद जाकिर खान,लोकेश उपाध्याय ओ.पी. जिंदल स्कूल के वसीम अहमद, समाजसेवी मुकेश जैन आदि उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभाशाली बच्चों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
करियर काउंसलिंग से बच्चों को मिली दिशा
प्रतिभा सम्मान समारोह के साथ आयोजित करियर काउंसलिंग कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई, करियर चयन और अपने लक्ष्य निर्धारित करने के लिए मार्गदर्शन देने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप भविष्य की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजकों ने कहा कि प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलने से वे अपने क्षेत्र में बेहतर उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना मुख्य उद्देश्य
गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन के अध्यक्ष शेख कलीमुल्लाह ने कहा कि रायगढ़ में पहली बार ‘सितारे-ए-मुस्तक़बिल’ प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बच्चों एवं युवाओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर रायगढ़ तथा समाज का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित होते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों एवं समाज के लोगों ने सहभागिता की। आयोजकों ने सभी प्रतिभाशाली बच्चों, अभिभावकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।