देहजरी के पास कोयला लोड ट्रक में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

चलती गाड़ी के केबिन में तेजी से फैलने लगी आग, दमकल की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद पाया गया काबू; शॉर्ट सर्किट की आशंका रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। खरसिया थाना क्षेत्र के देहजरी के पास कोयले से लोड एक चलती ट्रक में अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने ट्रक के केबिन को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा। घटना में चालक सुरक्षित है और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब साढ़े 5 बजे कोयले से लोड ट्रक छाल से खरसिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान जैसे ही ट्रक देहजरी के पास पहुंची, अचानक वाहन में आग लग गई। शुरुआत में आग केबिन में लगी और धीरे-धीरे तेजी से फैलने लगी। स्थिति बिगड़ती देख चालक ने बिना देर किए ट्रक से छलांग लगा दी। इससे उसकी जान बच गई, लेकिन कुछ ही देर में आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया।

आग बुझाने पहुंची दमकल, यातायात भी हुआ प्रभावित

घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। ट्रक में आग लगने से सड़क पर यातायात भी प्रभावित होने लगा। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही खरसिया पुलिस की टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। इसके बाद दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

इस संबंध में खरसिया थाना प्रभारी सीताराम ध्रुव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है और ट्रक चालक भी सुरक्षित है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *