उड़नदस्ता टीम की दबिश से मचा हड़कंप: घर में चल रहा था साल-सागौन का अवैध चिरान, मशीनें जब्त

आरामशीन और ट्रॉली भी कब्जे में; 8 कटर मशीन समेत बढ़ई के औजार मिले

रायगढ़. जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के ग्राम ढेरम में वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने एक घर में छापा मारकर बड़ी मात्रा में साल-सागौन की अवैध चिरान लकड़ी जब्त की है। टीम ने मौके से अवैध रूप से संचालित आरामशीन, ट्रॉली, कटर मशीन और बढ़ई के औजार भी जब्त किए हैं। जब्त लकड़ी की कीमत 50 हजार रुपए से अधिक बताई जा रही है। हालांकि, अंतिम कीमत का आकलन विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

वन विभाग के अनुसार उड़नदस्ता सहायक प्रभारी संदीप नामदेव को सूचना मिली थी कि घरघोड़ा रेंज के ग्राम ढेरम निवासी अंबेलाल उरांव (56) अपने घर में बड़ी मात्रा में साल और सागौन की लकड़ियों का अवैध रूप से चिरान कर रहा है। सूचना के बाद उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया और उड़नदस्ता टीम ने दोपहर में मौके पर दबिश दी।

       

आंगन में मिली चिरान लकड़ी, बाड़ी में लगी थी आरामशीन

मौके पर जांच के दौरान टीम को घर के आंगन में बड़ी मात्रा में चिरान की गई लकड़ी मिली। वहीं घर की बाड़ी की तरफ आरामशीन लगी हुई थी। टीम ने अंबेलाल से लकड़ी और आरामशीन से संबंधित दस्तावेज मांगे। पूछताछ के दौरान वह पहले टालमटोल करता रहा, लेकिन बाद में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर लकड़ियों का नाप-जोख किया। कार्रवाई के दौरान 100 से अधिक नग साल-सागौन की चिरान लकड़ी जब्त की गई। साथ ही आरामशीन और ट्रॉली को भी उखाड़कर कब्जे में लिया गया।

     

8 कटर मशीन और बढ़ई के औजार भी मिले

तलाशी के दौरान टीम को 8 नग छोटे-बड़े कटर मशीन समेत बड़ी मात्रा में बढ़ई के औजार मिले। वन विभाग ने सभी सामान को जब्त कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार लकड़ी की कीमत का अंतिम आकलन किया जा रहा है। लगातार उड़नदस्ता टीम द्वारा की जा रही कार्रवाई से लकड़ी का अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।

कार्रवाई के दौरान उड़नदस्ता टीम के सहायक प्रभारी संदीप नामदेव, सोमेश टोप्पो, घरघोड़ा रेंज के सीके राठिया, विजय भगत, सुरेंद्र समेत अन्य वनकर्मी मौजूद रहे। मामले में वन विभाग की आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *