मड़वा ताल के घने जंगल के तीखे मोड़ पर हुआ हादसा; कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त, टैंकर सड़क पर पलटा
रायगढ़. धरमजयगढ़-कापू मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह करीब 11 बजे मड़वा ताल के घने जंगल में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां डीजल से भरे टैंकर और रायपुर से अंबिकापुर जा रही स्विफ्ट कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया, जबकि स्विफ्ट कार सड़क किनारे खाई की तरफ जा घुसी।
अंधे मोड़ पर आमने-सामने भिड़े दोनों वाहन
जानकारी के मुताबिक, स्विफ्ट कार रायपुर से अंबिकापुर की ओर जा रही थी। वहीं डीजल से भरा टैंकर कापू की ओर से आ रहा था। मड़वा ताल जंगल के अंधे और तीखे मोड़ पर दोनों वाहन आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे के बाद सड़क पर टायरों के घिसटने के काले निशान दिखाई दिए। टक्कर के बाद टैंकर सड़क पर पलट गया, जबकि कार का अगला हिस्सा और शीशा बुरी तरह टूट गया।
बड़ा हादसा, लेकिन दोनों चालक सुरक्षित
हादसा इतना भीषण था कि मौके का मंजर देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। राहत की बात यह रही कि दोनों वाहनों के चालक सुरक्षित बच गए। हादसे में किसी की जान नहीं गई।
टैंकर से डीजल रिसा, बढ़ा आग का खतरा
टैंकर के पलटने के बाद उसमें भरा डीजल सड़क पर बहने लगा। कुछ ही देर में सड़क पर डीजल फैल गया। इससे मौके पर आग लगने का खतरा बढ़ गया।
इसके बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कई लोग डीजल से भरे टैंकर के आसपास खड़े होकर हादसा देखने लगे। ऐसी स्थिति में किसी भी तरह की चिंगारी या आग बड़ा हादसा कर सकती थी।
पुलिस ने भीड़ को हटाया, ट्रैफिक रोका
हादसे की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल लोगों को टैंकर से दूर हटाया और सड़क के दोनों तरफ यातायात रोक दिया। हाईवे पेट्रोलिंग और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। किसी अनहोनी से बचने के लिए फायर ब्रिगेड को भी अलर्ट किया गया।
ग्रामीण बोले- ‘मौत का मोड़’ बन गया मड़वा ताल
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक मड़वा ताल जंगल का यह तीखा मोड़ लंबे समय से हादसों के लिए संवेदनशील बना हुआ है। यहां पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। घना जंगल, अंधा मोड़ और वाहनों की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटना का खतरा हमेशा बना रहता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से इस स्थान पर स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि वाहन चालक पहले से सतर्क हो सकें।
क्रेन से हटाया जाएगा पलटा टैंकर
फिलहाल पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। सड़क पर पलटे डीजल टैंकर को क्रेन की मदद से हटाने की तैयारी की जा रही है। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर निगरानी कर रही है।








