भिलाई. भिलाई में बीएसपी की रेल पटरी और बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप मिलने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। जामुल पुलिस ने पांडे कबाड़ी गोदाम के संचालक सुरेश सिंह उर्फ सुरेश पाण्डेय (65) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इससे पहले पुलिस गोदाम के मैनेजर नरसिंह यादव को गिरफ्तार कर चुकी है। गोदाम से 18 टन से अधिक कबाड़ सामग्री बरामद होने के बाद पुलिस इसकी खरीद, परिवहन और स्वामित्व से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
विधायक की पोस्ट के बाद सामने आया मामला
13 अक्टूबर को विधायक ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर कबाड़ी गोदाम में बीएसपी का लोहा मिलने की जानकारी साझा की थी। इसके बाद पुलिस ने छावनी के शंकर नगर स्थित पांडे कबाड़ी गोदाम में छापा मारा। तलाशी के दौरान लोहे के एंगल, तार जाली, रेल पटरी का एक टुकड़ा, सरिया, क्वाइल और अन्य स्क्रैप बरामद किया गया।पुलिस की जांच में बरामद सामग्री में से 20 लोहे के एंगल और तार जाली के दो बंडलों का संबंध जामुल थाने में दर्ज चोरी के मामले से मिला। इसके बाद पुलिस ने गोदाम के मैनेजर नरसिंह यादव से पूछताछ की और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मैनेजर से पूछताछ में संचालक की भूमिका आई सामने
पुलिस के मुताबिक, मैनेजर से पूछताछ और जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर गोदाम संचालक सुरेश सिंह उर्फ सुरेश पाण्डेय की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। शनिवार, 17 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।जामुल पुलिस का कहना है कि वर्ष 2025 में देवनगर और शिवपुरी क्षेत्र से लोहे के एंगल तथा तार जाली चोरी होने की शिकायत पर अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने कर्मचारियों के साथ इन क्षेत्रों से लोहे के एंगल और तार जाली चोरी करने के संबंध में जानकारी दी। इसके बाद उसे इस मामले में भी विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गैस सिलेंडर, कटिंग उपकरण और पिकअप भी जब्त
गोदाम की तलाशी के दौरान पुलिस को लोहे की सामग्री काटने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और अन्य सामान मिले। जब्त सामग्री में गैस कटिंग नोजल, तीन तौल मशीन, ऑक्सीजन गैस के आठ सिलेंडर, एलपीजी के चार सिलेंडर, लोहे की क्वाइल के चार बंडल, एल्युमिनियम की पट्टी और चमकीली धातु की चार बोरियां शामिल हैं। इसके अलावा कैलकुलेटर और टाटा-एस पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 BR 3212 भी जब्त किया गया है।पुलिस के मुताबिक, गोदाम से रेल पटरी का एक टुकड़ा, लोहे का सरिया और अन्य सामग्री समेत 18 टन से अधिक कबाड़ बरामद हुआ है। बरामद सामग्री के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
रेल पटरी के स्रोत पर जांच जारी
गोदाम से ‘सेल’ लिखा रेल पटरी का टुकड़ा मिलने के बाद पुलिस उसके स्रोत का पता लगा रही है। फिलहाल पुलिस ने रेल पटरी के किसी चोरी के मामले से जुड़े होने की पुष्टि नहीं की है। अन्य स्क्रैप की खरीद, परिवहन और स्वामित्व से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले में चोरी की संपत्ति की बरामदगी के साथ-साथ अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। गिरफ्तार सुरेश सिंह उर्फ सुरेश पाण्डेय तिरंगा चौक, छावनी, थाना जामुल क्षेत्र का निवासी है।