एकलव्य विद्यालय छर्राटांगर में राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, आठ क्लस्टरों के 515 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

टेबल टेनिस और शॉट पुट में रायगढ़ को स्वर्ण, खो-खो के फाइनल में कांकेर ने धमतरी को हराया

रायगढ़. जिले के घरघोड़ा विकासखंड स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छर्राटांगर में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 का लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने आज विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के आठ क्लस्टरों के लगभग 515 बालक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में बलरामपुर, बस्तर, धमतरी, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़, कांकेर, सरगुजा और सुकमा क्लस्टर के खिलाड़ी शामिल हैं। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

टेबल टेनिस में रायगढ़ के सागर ध्रुव को स्वर्ण

प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-14 बालक एकल टेबल टेनिस स्पर्धा में रायगढ़ के सागर ध्रुव ने स्वर्ण पदक जीता। फाइनल में उन्होंने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के विनायक पैंकरा को 3-0 से हराया। सागर ने पहला सेट 15-13, दूसरा 11-9 और तीसरा 11-7 से जीता। विनायक पैंकरा दूसरे और सरगुजा के रूपेश कुमार तीसरे स्थान पर रहे।

शॉट पुट में शिवम सिरसो और सुरेंद्र प्रथम

वहीं अंडर-19 बालक शॉट पुट में रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ के शिवम सिरसो ने 9.99 मीटर गोला फेंककर पहला स्थान हासिल किया। वाड्रफनगर के बलदेव सिंह 9.72 मीटर के साथ दूसरे और धमतरी के भावेश 8.85 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-14 बालक वर्ग में कांकेर क्लस्टर के सुरेंद्र कोला ने 11.53 मीटर का प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीता। सुकमा के रेनूराम दूसरे और धमतरी के जीव्रा खान तीसरे स्थान पर रहे।

खो-खो के रोमांचक फाइनल में कांकेर क्लस्टर विजेता

खो-खो प्रतियोगिता में आठ क्लस्टरों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। फाइनल मुकाबला कांकेर और धमतरी क्लस्टर के बीच खेला गया, जिसमें कांकेर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह, अनुशासन और टीम भावना देखने को मिली। अंडर-14 बालक शतरंज में एकलव्य विद्यालय मैनपाट के आकाश टोप्पो ने पहला स्थान हासिल किया। भोरिंग के कुणाल ठाकुर दूसरे और अंतागढ़ के तामेश्वर कोरेटी तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-19 वर्ग में बलरामपुर के नारद सिंह विजेता बने। अंतागढ़ के साहिल कुमार नरेटी दूसरे और मैनपुर के येसुर्या धु्रवा तीसरे स्थान पर रहे।

पारंपरिक योग में भी खिलाड़ियों ने जीते पदक

अंडर-19 पारंपरिक योग में सरगुजा के प्रियांजल एक्का ने स्वर्ण, बलरामपुर के प्रिंस सूर्यवंशी ने रजत और रायगढ़ के दुकेश कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-14 वर्ग में सरगुजा क्लस्टर के लुंड्रा के अभय मिंज प्रथम, कांकेर क्लस्टर के आदित्य कुमार नेताम द्वितीय और बलरामपुर क्लस्टर के अविनाश सिंह तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-19 बालक बास्केटबॉल प्रतियोगिता में सात टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें कांकेर, बलरामपुर, बस्तर और सुकमा क्लस्टर की टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके अलावा कबड्डी, वॉलीबॉल और फुटबॉल सहित अन्य खेलों में भी मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। तीन दिवसीय प्रतियोगिता जनजातीय विद्यार्थियों को राज्य स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर दे रही है। विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ी खेल कौशल के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का परिचय दे रहे हैं। विद्यालय के प्राचार्य मनीराम जांगड़े ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बास्केटबॉल सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आए शारीरिक शिक्षक, प्रशिक्षक और अन्य अतिथि भी उपस्थित रहे। तीन दिनों तक चलने वाली यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान कर रही है। विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन से उनमें प्रतिस्पर्धा, आत्मविश्वास और खेल भावना को प्रोत्साहन मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *