तिलगा के जंगल में जंगली सुअर का शिकार, तीन आरोपी गिरफ्तार

घर में मांस काटकर बेचने की चल रही थी तैयारी, वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने रंगेहाथ पकड़ा

रायगढ़. जिले में वन्यप्राणियों के शिकार का मामला सामने आया है। तिलगा गांव के जंगल में जंगली सुअर का शिकार करने के बाद उसके मांस को काटकर बेचने की तैयारी कर रहे तीन आरोपियों को वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने रंगेहाथ पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से करीब 30 किलो मांस, दो टांगी और एक तराजू जब्त किया गया है। वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

मुखबिर की सूचना पर पहुंची टीम

जानकारी के मुताबिक, तिलगा गांव निवासी दिनबंधु राठिया, बालाराम राठिया और बादपाली निवासी सरमू राठिया ने मिलकर तिलगा के जंगल में जंगली सुअर का शिकार किया था। इसके बाद सुबह वे मृत वन्यप्राणी को उठाकर दिनबंधु राठिया के घर ले आए। यहां मांस काटकर उसे बेचने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान मामले की सूचना मुखबिर के माध्यम से वन विभाग की उड़नदस्ता टीम को मिली।

मांस काटते और तौलते पकड़े गए आरोपी

सूचना मिलते ही उड़नदस्ता टीम के सहायक प्रभारी संदीप नामदेव, सोमेश टोप्पो, बोइरदादर परिसर रक्षक भूषण जांगड़े सहित अन्य वनकर्मी मौके पर पहुंचे। टीम ने वहां जांच की तो आरोपी जंगली सुअर का मांस काटकर उसे तराजू से तौलते मिले। वनकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों को मौके पर पकड़ लिया।

30 किलो मांस समेत औजार जब्त

कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम ने करीब 30 किलो जंगली सुअर का मांस, दो टांगी और एक तराजू जब्त किया। जब्त सामग्री को रेंज कार्यालय लाया गया। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

न्यायालय से जेल भेजे गए आरोपी

वन विभाग ने कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया। वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वन्यप्राणियों के अवैध शिकार और उनके मांस की बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा है।

मामले में विवेचना जारी है

इस संबंध में रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि मुखबीर से सूचना मिलने के बाद तत्काल मौके पर टीम ने दबिष दी और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से मांस, कत्ता, टांगी व तराजू जब्त किया गया है। मामले में विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *