वित्त मंत्री ने स्वच्छता अभियान में किया श्रमदान, केलो तट के स्थायी विकास के साथ 8.50 एकड़ में बनेगा ऑक्सीजोन
Raigarh News; रायगढ़. सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को खर्राघाट में स्वच्छता अभियान के साथ केलो नदी तट के स्थायी विकास की शुरुआत हुई। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी.चौधरी ने 29.99 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन किया और स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने भी अभियान में हिस्सा लेकर खर्राघाट घाट और आसपास के क्षेत्र की सफाई की। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और छत्तीसगढ़ राज्यगीत के साथ हुई। इसके बाद स्वच्छता अभियान चलाया गया। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने स्वयं श्रमदान करते हुए कहा कि केवल एक दिन की सफाई से स्वच्छता कायम नहीं रह सकती। इसके लिए निरंतर प्रयास और नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से केलो नदी, घाट और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की। इसी दौरान वित्त मंत्री ने केलो नदी में डुबकी लगाई और नदी को नमन किया। उन्होंने कहा कि केलो नदी रायगढ़ की पहचान, आस्था और संस्कृति से जुड़ी है। इसी भाव के साथ खर्राघाट को स्वच्छ रखने के साथ इसे स्थायी रूप से विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि खर्राघाट में होने वाला विकास केवल घाट के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रहेगा। यहां ऑक्सीजोन, घाट, पैदल पथ, जिम, मॉर्निंग वॉक और नाइट वॉक जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परिवारों के साथ समय बिताने के लिए भी बेहतर सार्वजनिक स्थान तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खर्राघाट से शनि मंदिर की दिशा में आगे मरीन ड्राइव विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है, जिससे केलो नदी तट का विकास आगे बढ़ सके।









