Raigarh News; रायगढ़. जिला के धरमजयगढ़ के कोयलर क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे पूर्णागिरि बस और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बस में सवार करीब 10 से 12 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं बस चालक को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए धरमजयगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया।मिली जानकारी के मुताबिक, पूर्णागिरि बस धरमजयगढ़ से खरसिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान कोयलर क्षेत्र में सामने से धरमजयगढ़ की ओर आ रहे ट्रक से बस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस के अंदर भी काफी नुकसान हुआ। हादसे के समय बस में करीब 40 से 50 यात्रियों के सवार होने की जानकारी बताई जा रही है। टक्कर के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में करीब 10 से 12 यात्रियों को चोटें आई हैं। वहीं बस चालक को ज्यादा गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को बस से बाहर निकालकर उपचार के लिए धरमजयगढ़ अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल घायलों के नाम सामने नहीं आए हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।आगे की कार्रवाई जारी हैधरमजयगढ़ थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने बताया कि दुर्घटना सुबह हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। हादसे में करीब 10 से 12 यात्रियों के घायल होने की जानकारी है, जबकि बस चालक को ज्यादा चोटें आई हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल घायलों के नाम की जानकारी सामने नहीं आई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।