रायगढ़ वन परिक्षेत्र के भूपदेवपुर-रेंगालपाली सर्किल में प्रतियोगिताएं, स्कूली बच्चों ने उत्साह से लिया हिस्सा
रायगढ़. वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह की शुरुआत 2 अक्टूबर से हो गई है। इसके तहत रायगढ़ जिले के दोनों वन मंडलों के अलग-अलग वन परिक्षेत्रों में वन्यजीव संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रायगढ़ वन परिक्षेत्र के भूपदेवपुर और रेंगालपाली सर्किल में स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। भूपदेवपुर में बच्चों ने चित्रों में उकेला वन्यजीव संरक्षण का संदेशरू वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के तहत भूपदेवपुर सर्किल के वन अमले ने शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल नहरपाली में चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता कराई। प्रतियोगिता में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी रचनाओं के माध्यम से वन्यजीवों के संरक्षण, जंगलों की सुरक्षा और पर्यावरण के महत्व को सामने रखा। कार्यक्रम में भूपदेवपुर सर्किल प्रभारी गितेश्वरपटेल, परिसर रक्षक त्रिदेव पोर्ते समेत वन विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगण ने भी आयोजन में सहभागिता की।
रेंगालपाली में भी बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
इसी तरह रेंगालपाली सर्किल के वन अमले ने ग्राम पंचायत गुड़गहन स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए वन्यप्राणियों के संरक्षण और प्रकृति के प्रति अपनी सोच को चित्रों और निबंधों के माध्यम से व्यक्त किया। आयोजन के दौरान विद्यालय के शिक्षकगण के साथ ग्राम पंचायत के सरपंच भी उपस्थित रहे। वन विभाग के कर्मचारियों ने बच्चों को वन्यप्राणियों के महत्व और उनके संरक्षण के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने बताया कि वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के दौरान ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों और ग्रामीणों को वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रयास किया जा रहा है।








