शिकारियों के पास से मृत पड़की-टिटहारी पक्षी बरामद, आरोपी जेल भेजे गए
रायगढ़. वन परिक्षेत्र रायगढ़ के महापल्ली क्षेत्र में एयर गन से पक्षियों का शिकार करने का मामला सामने आया है। वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने महापल्ली गांव के पास कार्रवाई करते हुए दो युवकों को पकड़ा। उनके कब्जे से एयर गन, गोली और शिकार किए गए तीन पक्षी जिसमें पड़की और टिटहारी शामिल है उसे बरामद किए गए हैं। मामले में आरोपियों के खिलाफ पीओआर दर्ज कर जेल भेज दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के दौरान विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि महापल्ली क्षेत्र में दो युवक एयर गन लेकर पक्षियों का शिकार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही रायगढ़ वन मंडल की उड़नदस्ता टीम मौके के लिए रवाना हुई। टीम ने महापल्ली के रोड पर देखा कि दो युवक एयरगन लेकर शिकार कर रहे हैं। ऐसे में वनकर्मियों ने तत्काल आगे की कार्रवाई करते हुए उन्हें रोका और जांच की। कार्रवाई के दौरान युवकों के कब्जे से एयर गन, गोली और तीन मृत पक्षी बरामद हुए।
आरोपियों को जेल दाखिल कराया गया
वन अमले ने सभी सामग्री जब्त कर ली है। पकड़े गए युवकों की पहचान उद्धव राठिया 28 साल और दया सागर निषाद 20 साल निवासी महापल्ली के रूप में हुई है। दोनों को हिरासत में लेकर वन विभाग की टीम पूछताछ किया और मामले में आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें जेल दाखिल कराया गया है। उक्त कार्रवाई में रायगढ़ रेंजर संजय लकड़ा के नेतृत्व में उड़नदस्ता दल के सहायक प्रभारी संदीप नामदेव, सोमेश टोप्पो, सजन गुप्ता समेत अन्य स्टाप मौजूद थे।