ढिमरापुर चौक स्थित प्रतिष्ठान में जांच के बाद नमूने प्रयोगशाला भेजे; शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी चल रहा निरीक्षण अभियानरायगढ़. दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजार में मिठाई और नमकीन की मांग बढ़ने लगी है। इसी के साथ मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने भी जांच अभियान तेज कर दिया है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को विभागीय टीम ने ढिमरापुर चौक स्थित विजय ट्रेडर्स में दबिश देकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। इस दौरान चार खाद्य उत्पादों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।जानकारी के मुताबिक, खाद्य विभाग की टीम ने विजय ट्रेडर्स का निरीक्षण कर इंस्टेंट मिक्स गुलाब जामुन, आकाश गार्लिक मिक्सचर, गंगा-जमुना नमकीन और हल्दीराम सोनपापड़ी के सैंपल लिए। सभी नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अब रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनमें मिलावट की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।विभागीय अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला जांच में यदि किसी उत्पाद में मिलावट या निर्धारित गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, अभियान का दायरा केवल शहर तक सीमित नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित होटल, रेस्टोरेंट और डेयरी प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया जा रहा है।दीपावली तक जारी रहेगा अभियानखाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहार तक जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य बाजार में बिकने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं को मिलावटी खाद्य पदार्थों से बचाना है। निरीक्षण के दौरान अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल एवं नेमीचंद पटेल मौजूद रहे।