‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत खाद्य विभाग की कार्रवाई, कई होटल-ढाबों से लिए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल; जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाईरायगढ़. जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले होटल-ढाबा संचालकों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में 16 से 30 नवंबर तक चलाए जा रहे ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत विभागीय जांच टीम ने शहर के कई होटल और ढाबों में दबिश दी। इस दौरान फार्म हाउस किचन में एक्सपायरी मैदा का इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया। गंभीर लापरवाही पाए जाने पर विभाग ने किचन का लाइसेंस तीन दिन के लिए निलंबित कर उसे बंद करा दिया।जानकारी के अनुसार, खाद्य विभाग की टीम जब फार्म हाउस किचन में जांच के लिए पहुंची तो वहां एक्सपायरी मैदा मिला। टीम ने तत्काल मैदा को नष्ट कराया। इसके साथ ही पनीर, व्हाइट वेज ग्रेवी और दाल मखनी के नमूने संदेह के आधार पर लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।इसी तरह टीम ने छातामुड़ा चौक स्थित अंगिठी आरके इंटरटेनमेंट में भी जांच की। यहां से बिरयानी राइस और पनीर के सैंपल लिए गए। इसके अलावा प्रीमियम फैमिली ढाबा, छातामुड़ा चौक और श्री वैष्णो ढाबा, अमलीभौना में भी निरीक्षण किया गया। इन प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
साफ-सफाई से लेकर तेल के इस्तेमाल तक दिए निर्देश
जांच के दौरान होटल और ढाबा संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी गई। टीम ने पेयजल की गुणवत्ता की जांच, कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण, नियमित पेस्ट कंट्रोल कराने और खाद्य पदार्थों में रंगों का सीमित उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही अखबार के कागज में खाद्य सामग्री नहीं परोसने और एक ही तेल का बार-बार इस्तेमाल नहीं करने की समझाइश दी गई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
विभागीय अधिकारियों के अनुसार अभियान के तहत रायगढ़, पुसौर, खरसिया सहित जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट की जांच की जा रही है। अब तक कई प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली है। वहीं कुछ जगहों पर एक्सपायरी खाद्य सामग्री के इस्तेमाल जैसी गंभीर लापरवाही भी सामने आई है। ऐसे प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर लैब भेजे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।