कार्तिक पूर्णिमा पर केलो तट पर आस्था का सैलाब, वनपार्कों में उमड़ी वनभोज करने वालों की भीड़

सुबह से नदी में स्नान और दीपदान के लिए पहुंचे लोग, इंदिरा विहार समेत शहर के प्रमुख पिकनिक स्पॉट पर परिवार के साथ मनाया वनभोज रायगढ़. जिले में कार्तिक पूर्णिमा का पर्व गुरुवार को पूरी आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का केलो नदी के तट पर पहुंचना शुरू हो गया था। लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कार्तिक स्नान किया और नदी में दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान केलो नदी के तट पर श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। कार्तिक पूर्णिमा पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ वनभोज की भी वर्षों पुरानी परंपरा है। इसी परंपरा के चलते शहर के प्रमुख पिकनिक स्पॉट इंदिरा विहार, नगर वन, रामझरना, अटल रॉक गार्डन, बिंजकोट इको पार्क और जुर्डा इको पार्क में सुबह से ही पर्यटकों की भीड़ जुटने लगी थी। खासकर शहर के नजदीक स्थित इंदिरा विहार में बड़ी संख्या में लोग परिवार और परिचितों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे। यहां लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर बैठकर भोजन बनाया और पूरे परिवार के साथ वनभोज का आनंद लिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिला। वहीं बच्चों की सबसे ज्यादा भीड़ झूला घर में रही, जहां वे झूलों पर मस्ती करते नजर आए। वनभोज की परंपरा निभाने पहुंचे परिवार इंदिरा विहार में परिवार के साथ पिकनिक मनाने पहुंचीं कल्पना जांगड़े ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन लोग कार्तिक स्नान और दीपदान करते हैं। इसके बाद वनभोज करने की परंपरा भी लंबे समय से चली आ रही है। इसी परंपरा को निभाते हुए वे अपने परिवार और परिचितों के साथ पिकनिक मनाने पहुंची हैं। यहां का माहौल काफी अच्छा है और बच्चे भी झूलों में खेलकर खूब आनंद उठा रहे हैं। सुरक्षा और सुविधाओं के लिए विभाग की निगरानी इंदिरा विहार की सहायक तर्षिला एक्का ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर इस बार भी बड़ी संख्या में पर्यटक पिकनिक मनाने पहुंचे हैं। पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए पहले से ही साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं। सुरक्षा के मद्देनजर विभागीय स्टाफ लगातार परिसर में भ्रमण कर रहा है और असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है। सुबह से ही पर्यटकों का आना शुरू हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *