कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान बैरिकेडिंग पर चढ़े कार्यकर्ता, राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
रायगढ़. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, मतदाता सूची में कथित फेरबदल की स्वतंत्र जांच कराने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ के संयुक्त नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव करते हुए केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की तथा अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति एवं मुख्य चुनाव आयुक्त के नाम सौंपा। जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ग्रामीण एवं शहर के अध्यक्ष नगेंद्र नेगी एवं शाखा यादव के नेतृत्व में आयोजित विरोध मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। मार्च शहर के सिंदूर पार्क क्षेत्र से शुरू होकर कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुआ। कार्यकर्ताओं ने रास्तेभर लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले का दहन भी किया।कलेक्ट्रेट पहुंचने पर पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स के कारण प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग के पास जोरदार नारेबाजी की और कई कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश की अनुमति दी, जिसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने, एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में हुए कथित फेरबदल की स्वतंत्र जांच कराने तथा निर्वाचन आयोग के आईटी सेल की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र ऑडिट कराने सहित निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग रखी।
यह लड़ाई मतदाताओं के अधिकारों की है :- नगेंद्र नेगी
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ग्रामीण के अध्यक्ष नगेंद्र नेगी ने कहा कि कांग्रेस का यह आंदोलन केवल किसी राजनीतिक दल का आंदोलन नहीं, बल्कि मतदाताओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है और इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क पर उतरे हैं और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का पारदर्शी तरीके से समाधान होना चाहिए।
शाखा यादव ने कहा—जनता की हर लड़ाई में कांग्रेस साथ
जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ शहर के अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता अब चुप बैठने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े हर मुद्दे पर कांग्रेस सड़क से लेकर लोकतांत्रिक संस्थाओं तक अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा को लोकतंत्र के लिए आवश्यक बताया।