मेरे सपनों का भारत’ में बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता, उत्कृष्ट विद्यार्थियों को किया सम्मानित
रायगढ़. सेवा संकल्प अभियान के तहत पुसौर विकासखंड के प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में मेगा पालक-शिक्षक सम्मेलन का आयोजन किया गया। ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर आयोजित ड्राइंग, पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत की कल्पना को रंगों और शब्दों के जरिए सामने रखा। आयोजन में पालकों, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता रही।प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने ‘सेवा-विगत 25 वर्ष’ और ‘सपना-आगामी 25 वर्ष’ की थीम पर स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, विकसित भारत-2047, महिला सशक्तिकरण, सेना का शौर्य, नक्सल मुक्त भारत, नया कश्मीर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं आधुनिक तकनीक जैसे विषयों को अपनी प्रस्तुतियों में शामिल किया। बच्चों ने चित्रों और भाषणों के माध्यम से देश के विकास को लेकर अपनी सोच और कल्पनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। पालकों और शिक्षकों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
उत्कृष्ट विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय स्तर पर पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार मिलने से बच्चों में उत्साह नजर आया। शाला स्तर पर चयनित विद्यार्थी आगामी विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में शामिल होंगे।
पालकों और शिक्षकों के बीच हुआ संवाद
मेगा पालक-शिक्षक सम्मेलन में शिक्षकों ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति, व्यवहार और सर्वांगीण विकास को लेकर पालकों से चर्चा की। पालकों ने भी बच्चों की पढ़ाई और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विषयों पर शिक्षकों से संवाद किया। सम्मेलन के माध्यम से विद्यालय और पालकों के बीच बेहतर समन्वय के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया गया।