रायगढ़ में अलग-अलग सड़क हादसे में 3 की मौत; दो गम्भीर रूप से घायल

मेला देखने जा रहे बाइक सवार खड़ी ट्रक से भिड़े, पैदल ग्रामीण को पीछे से बाइक सवार ने मारी टक्कर

रायगढ़. जिला में दो अलग अलग सड़क दुर्घटना में 3 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। मृतक मेला देखने के लिए जा रहे थे। घटना छाल थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के मुताबिक पहली घटना छाल के अस्पतालपारा के पास घटित हुई। जिसमें मंगलवार की रात बेहरामार निवासी कृष्णा राठिया 15 साल, बांसाझर निवासी जितेंद्र राठिया 22 साल, धर्मेंद्र राठिया और कुंदन राठिया एक ही बाइक में सवार हो कर मेला देखने छाल जा रहे थे। तभी अस्पतालपारा के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक खड़ी ट्रक से पीछे से जा भिड़ी। इससे खून से लथपथ हालत में चारों गिर गयी और कृष्णा व जितेंद्र राठिया की मौके पर मौत हो गई। साथ ही उनके साथी कुंदन और धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी जैसे ही आसपास के लोगों को लगी, तो मौके पर काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई।

पुलिस आगे की प्रक्रिया में जुटी

मामले की सूचना पुलिस को दी गई, ऐसे में तत्काल पुलिस जवान मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां उनकी गम्भीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया। वहीं मृतकों के शव न पंचनामा कर पुलिस आगे की प्रक्रिया में जुट गई है।

पैदल ग्रामीण को बाइक सवार ने मारी टक्कर

दूसरी घटना छाल चौक के पास घटित हुई। जिसमें छाल का रहने वाला चंद्रदेव सिंह ठाकुर 65 साल मंगलवार की रात करीब साढ़े 7 बजे अपने परिवार के साथ पैदल मेला देखने के लिए जा रहा था। इसी दौरान जब वे छाल चौक के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक के चालक ने उसे जबरदस्त ढंग से टक्कर मार दी। इससे उसके सिर पर गंभीर चोट पहुंची और मौके पर उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक चालक जोबी क्षेत्र का रहने वाला है। मामले की सूचना पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *