रायगढ़ में 500 पर्चा लोगों को दिए, पर्चे में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में दशहरा के दिन लोगों की भीड़ को देखते हुए कांग्रेस नेताओं ने वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत पर्चा बांटा। रावण दहन कार्यक्रम स्थल के समीप सत्तीगुड़ी चौक में लोगों को पर्चा देकर कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं, विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया और मताधिकार की संवैधानिक सुरक्षा से जुड़े सवालों को उठाया।कांग्रेस द्वारा बांटे जा रहे पर्चे में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग के साथ मतदाता सूची की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न आपत्तियां व मांगों का विवरण उल्लेख है। कांग्रेस ने पर्चे के माध्यम से आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और फॉर्म-6 में किए गए बदलावों को लेकर गंभीर सवाल सामने आए हैं। पर्चे में चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यशैली पर आपत्ति दर्ज करते हुए कहा गया कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता लोकतंत्र की बुनियाद है। कांग्रेस की प्रमुख मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तत्काल इस्तीफा दें और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों की निष्पक्ष जांच हो।
डिजिटल डेटा उपलब्ध कराने की मांग
कांग्रेस ने पर्चे में फॉर्म-6 में किए गए बदलावों पर आपत्ति जताते हुए कहा गया कि इससे संदिग्ध नाम जोड़ने व वास्तविक मतदाताओं के नाम हटने की आशंका पैदा हुई है। कांग्रेस ने कथित तौर पर हटाए गए 13.3 करोड़ नामों की प्रक्रिया पर रोक लगाने, सभी नामों का सत्यापन करने और पात्र मतदाताओं को दोबारा सूची में शामिल करने की मांग की। पार्टी ने यह भी कहा कि मतदाता सूची का पूरा डिजिटल डेटा उपलब्ध कराया जाए, ताकि कांग्रेस समेत सभी राजनीतिक दल और नागरिक वास्तविक स्थिति का अवलोकन कर सकें।
500 पर्चे लोगों में बांटे गए
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव ने बताया कि दशहरा के दिन रावण दहन को देखने के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्र से भीड़ आती है। ऐसे में सत्तीगुड़ी चौक व आसपास तकरीबन 500 पर्चे लोगों के बीच बांटा गया। उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से मतदाता के अधिकार, लोकतंत्र की गरिमा और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था की रक्षा के लिए जनजागरूकता का यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा।