एसएसपी की उपस्थिति में पुलिस अधिकारियों ने की मां भगवती की आराधना,परंपरानुसार हुई हर्ष फायरिंग
रायगढ़. बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक विजयदशमी पर्व के अवसर पर रायगढ़ पुलिस लाइन में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पारंपरिक एवं वैदिक विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह की उपस्थिति में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एडिशनल एसपी ट्रैफिक पुष्पेंद्र सिंह बघेल सहित जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शस्त्र पूजन में भाग लिया। शस्त्र पूजन से पूर्व पुलिस के सभी अस्त्र-शस्त्रों एवं वाहनों की विधिवत साफ-सफाई कर उन्हें सुसज्जित रूप से पूजा स्थल पर रखा गया। इसके पश्चात मां भगवती की आराधना करते हुए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अस्त्र-शस्त्रों एवं वाहनों का पूजन किया गया। परंपरा के अनुसार देवी को प्रसन्न करने के लिए राखिया फल की बलि भी दी गई। पूजन के पश्चात विजयदशमी की परंपरा का निर्वहन करते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह सहित उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों ने हर्ष फायरिंग की। इस अवसर पर डीएसपी उन्नति ठाकुर, सीएसपी राहुल उइके, डीएसपी रोहित शुक्ला, उत्तम प्रताप सिंह, सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह, कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी सहित पुलिस लाइन का समस्त अमला उपस्थित रहा।








