केलो नदी के छठ घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया पहला अर्घ्य

कल सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूरा होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत

रायगढ़. लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर रविवार शाम रायगढ़ शहर के केलो नदी स्थित छठ घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। शाम करीब चार बजे से ही हजारों की संख्या में व्रती और श्रद्धालु अपने परिवार के सदस्यों के साथ पूजा सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचने लगे। किसी ने सिर पर तो किसी ने हाथों में फलों और पूजन सामग्री से सजी बांस की टोकरी उठा रखी थी। छठी मैया के पारंपरिक लोकगीतों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच श्रद्धालु अपने निर्धारित पूजा स्थलों तक पहुंचे। छठ महापर्व की परंपरा के अनुसार नहाय-खाय और खरना के बाद रविवार को व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान शहर के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने नदी और तालाब में स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मंत्रोच्चार के बीच डूबते सूर्य को जल एवं दूध से अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। घाट पर पूजा करने पहुंची एक महिला श्रद्धालु ने कहा कि छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि महापर्व है। शुरुआत में यह बिहार और उत्तर भारत की विशेष परंपरा रहा है, लेकिन आज यह करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर लोग उगते सूर्य को प्रणाम करते हैं, लेकिन छठ ही ऐसा पर्व है, जिसमें डूबते सूर्य को भी पूरी श्रद्धा के साथ अर्घ्य दिया जाता है। यह पर्व विश्वास, समर्पण और आस्था का प्रतीक है। एक अन्य महिला श्रद्धालु ने बताया कि छठ पूजा की परंपरा सदियों पुरानी है। परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए वे हर साल पूरे विधि-विधान से यह व्रत करती हैं। रविवार शाम डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया गया है। अब सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण किया जाएगा।

चार दिनों तक चलती है छठ पूजा की परंपरा

छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। दूसरे दिन खरना के अवसर पर व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखते हैं और शाम को पारंपरिक तरीके से खीर एवं रोटी का प्रसाद तैयार कर ग्रहण करते हैं। इसके बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है। तीसरे दिन शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाता है, जबकि चौथे और अंतिम दिन सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही व्रती अपना व्रत खोलेंगे और महापर्व का समापन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *