मर्चुरी का फ्रीजर खराब होने से शव डीकंपोज का आरोप, जिला अस्पताल में परिजनों ने किया हंगामा, सिविल सर्जन बोले- कार्रवाई की जाएगी

रायगढ़. रायगढ़ में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई, जिसके बाद उसके शव को जिला अस्पताल के मर्चुरी कक्ष में रखवाया गया, लेकिन सुबह पीएम से पहले शव डीकंपोज होने काआरोप लगा। ऐसे में परिजनों ने मामले को लेकर काफी हंगामा किया और लापरवाही बरतने वाले संबंधित कर्मचारियों पर कार्यवाही की मांग की। बाद में कार्यवाही की आश्वासन मिलने पर हंगामा समाप्त हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर क्षेत्र में रहने वाला रमेश चक्रधारी 23 साल कार वाशिंग सेंटर में काम कर रहा था। तभी करंट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद शव को उसके परिजनों द्वारा जिला अस्पातल ले जाया गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शव का पंचनामा कर उसे मर्चुरी में रखवाया गया था। जहां आज सुबह जब परिजन शव के पोस्टमार्टम कराने के लिए पहुंचे तो देखा कि शव से खून बह रहा है और डेडबॉडी डीकंपोज हो रही है। जिसे देखने के बाद मृतक के परिजनों ने अस्पताल की लापरवाही का आरोप लगाते हंगामा शुरू कर दिया उनका कहना था कि फ्रीजर खराब होने के बाद में भी उसमें रखवाया गया। जिसके कारण बॉडी डीकंपोज हो गई। परिजनों के द्वारा हंगामा करने की जानकारी जब पुलिस व अस्पताल प्रबंधन को लगी तो वे मौके पर पहुंचे और उन्हें समझाईश देने की कोशिश की, तब परिजनों ने मांग किया कि लापरवाही बरतने वाले पर कार्रवाई किया जाए। जहां अस्पताल प्रबंधन द्वारा आश्वासन मिलने के बाद मामला शांत हुआ।

लापरवाही पर कार्रवाई की मांग

मृतक के भाई गणेश चक्रधारी ने बताया कि रमेश की मौत गुरुवार की शाम 4:30 बजे के लगभग करंट से होने के बाद उसे अस्पताल लाया गया था। जहां शव को मर्चुरी कक्ष में रखवाया गया था और यह कहा गया था कि फ्रीजर चालू है, लेकिन आज सुबह जब हम पहुंचे तो बॉडी डीकंपोज होने लगा था। ऐसे में स्पष्ट है कि फ्रीजर खराब होने के कारण शव डीकम्पोज हुआ। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि लापरवाही पर संबंधित पर कार्रवाई हो।

संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी

अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ दिनेश पटेल ने बताया कि फ्रीजर में किसी कारणवश टेंपरेचर मैनेज नहीं हो पा रहा था। संभवतः फ्रीजर शॉर्ट सर्किट के कारण ही खराब हुआ था, इस मामले में जिसकी भी लापरवाही आती है उसे पर कार्यवाही की जाएगी। साथ ही फ्रीजर के टेंपरेचर व उसकी हर माह जांच की जाएगी।अचानक शार्ट सर्किट आने के कारण या समस्या आ जाती है, फिलहाल इसकी नियमित जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *