कलमी के फाटकपारा में हादसे के बाद ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर किया चक्काजाम; अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग
रायगढ़. जिले में तेज रफ्तार रेत लोड ट्रैक्टर ने बाइक सवार 19 वर्षीय युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक ट्रैक्टर के पहियों के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है।
घर लौट रहा था युवक, ट्रैक्टर ने मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, कलमी के फाटकपारा निवासी राजेश महंत (19) गुरुवार सुबह करीब 11 बजे बाइक से किसी काम के सिलसिले में निकला था। काम पूरा करने के बाद वह वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान कलमी बस्ती मेन रोड पर रायगढ़ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार रेत लोड ट्रैक्टर के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही राजेश सड़क पर गिर गया और ट्रैक्टर के पहियों के नीचे आ गया। गंभीर हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
शव सड़क पर रख ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। सूचना मिलने पर कोतरा रोड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देने का प्रयास किया।
बोले ग्रामीण- दिनभर दौड़ते हैं रेत लोड ट्रैक्टर
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में सुबह से लेकर देर रात तक अवैध रेत का परिवहन किया जाता है। हर दिन सैकड़ों ट्रैक्टर इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदारों द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से चलने वाले इन वाहनों के कारण सड़क पर हादसों का खतरा बना रहता है।
फिलहाल ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर विरोध कर रहे हैं। वहीं पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।








