छठ पूजा की तैयारी पूरी: केलो नदी के छठ घाटों पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

नहाय-खाय के साथ शुक्रवार से शुरू होगा चार दिवसीय महापर्व; नगर निगम ने तीन प्रमुख घाटों पर सफाई, लाइटिंग और पानी की व्यवस्था की

रायगढ़. लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर शहर में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत होगी। इसे लेकर केलो नदी के तट पर स्थित छठ घाटों की साफ-सफाई कराई जा चुकी है। आने वाले दिनों में हजारों की संख्या में श्रद्धालु अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।

शहर के नगर निगम क्षेत्र में तीन प्रमुख छठ घाट हैं। इनमें जूटमिल क्षेत्र में केलो नदी के किनारे स्थित बड़ा छठ घाट, एसईसीएल रोड के पास का घाट और खर्राघाट शामिल हैं। नगर निगम द्वारा इन सभी घाटों की साफ-सफाई कराकर पानी से धुलाई कराई गई है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लाइटिंग, पेयजल, बिजली और बैठने की व्यवस्था की जा रही है।

किरोड़ीमल नगर के छठ घाट पर भी तैयारियां तेज

शहर के अलावा किरोड़ीमल नगर क्षेत्र में भी छठ पूजा को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इस क्षेत्र में बिहार और उत्तर प्रदेश से आकर बसे परिवारों की संख्या अधिक है। यही वजह है कि यहां के छठ घाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं। घाट की साफ-सफाई के साथ अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

नहाय-खाय से शुरू होगा चार दिवसीय अनुष्ठान

छठ पूजा की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय से होगी। इस दिन व्रती स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करते हैं और लौकी की सब्जी, चावल सहित बिना लहसुन-प्याज का सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। इसके अगले दिन खरना का विधान होता है। इस दिन महिलाएं दिनभर निर्जला उपवास रखती हैं और शाम को पूजा के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करती हैं।

इसके बाद तीसरे दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखकर शाम को नदी और तालाबों में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। वहीं, चौथे दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

महापौर बोले- श्रद्धालुओं की सुविधा का रखा जा रहा ध्यान

नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान ने बताया कि शहर के सभी छठ घाटों में साफ-सफाई कराई गई है। यहां हर साल हजारों की संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। इसे देखते हुए घाटों पर लाइट, बिजली, पानी और बैठने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि तैयारियों में यदि कहीं कोई कमी रह गई है तो उसे भी समय रहते दूर किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *