रेलवे स्टेशन के बाहर गांजा बेचने ग्राहक तलाश रहे थे पुणे के 5 तस्कर, 25 किलो से ज्यादा गांजा जब्त

संबलपुर से ट्रेन में गांजा लेकर पहुंचे थे रायगढ़, दो अलग-अलग कार्रवाई में 4 युवक और एक नाबालिग गिरफ्तार; गांजा-मोबाइल समेत 5.82 लाख का माल जब्त

रायगढ़. रेलवे स्टेशन के बाहर गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे महाराष्ट्र के पुणे निवासी 4 युवकों और एक नाबालिग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 25.175 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 4.92 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 5.82 लाख रुपए है। आरोपी ओडिशा के संबलपुर से ट्रेन के जरिए गांजा लेकर रायगढ़ पहुंचे थे। यहां से पुणे जाने की तैयारी में थे। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग के पास शिव मंदिर के बगल में पीपल के पेड़ के नीचे तीन संदिग्धों के बैग और ट्रॉली बैग में गांजा रखे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान अमोल बबन धोत्रे (29), सागर लक्ष्मण गायकवाड़ (18) और शुभम नंदू गुंजाल (23), सभी निवासी पुणे (महाराष्ट्र) के रूप में हुई।

तलाशी लेने पर उनके पास से 20 पैकेट में रखा 20.434 किलो गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 80 हजार रुपए कीमत के तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संबलपुर से गांजा खरीदकर ट्रेन से रायगढ़ पहुंचे थे और पुणे लौटने से पहले रेलवे स्टेशन के बाहर ग्राहक तलाश रहे थे।

मोटरसाइकिल स्टैंड के पास भी मिली गांजे की खेप

इसी दौरान पुलिस को रेलवे स्टेशन के मोटरसाइकिल स्टैंड के पास दो लोगों के बैग में गांजा रखकर वाहन का इंतजार करने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में एक की पहचान इम्तियाज रफिक ईनामदार (21), निवासी चाकन मानिक चौक, जिला पुणे के रूप में हुई। वहीं, दूसरा 16 साल 2 महीने का नाबालिग निकला।

पुलिस ने तलाशी ली तो इम्तियाज के बैग से पांच पैकेट में रखा 4.741 किलो गांजा मिला। इसकी कीमत करीब 92 हजार रुपए आंकी गई है। इसके अलावा 10 हजार रुपए कीमत का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

संबलपुर से गांजा लेकर ट्रेन से पहुंचे थे रायगढ़

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पांचों आरोपी ओडिशा के संबलपुर से गांजा खरीदकर ट्रेन के जरिए रायगढ़ पहुंचे थे। यहां से उन्हें पुणे (महाराष्ट्र) जाना था। रास्ते के खर्च की व्यवस्था करने के लिए रेलवे स्टेशन के बाहर ही गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 25.175 किलो गांजा और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 5.82 लाख रुपए है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, जेल भेजे गए आरोपी

पुलिस ने पांचों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि नाबालिग के संबंध में किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है।

SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे के कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *