एनएच-49 के ढाबों में खाद्य सुरक्षा विभाग की दबिश, पनीर-चावल और सब्जी के सैंपल लिए

‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत होटलों और रेस्टोरेंट की जांच; साफ-सफाई, पानी की गुणवत्ता और तेल के बार-बार उपयोग पर संचालकों को नोटिस

रायगढ़. जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम लगातार होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कर रही है। इसी कड़ी में जांच टीम ने नेशनल हाईवे-49 स्थित ढाबों और फैमिली रेस्टोरेंट में दबिश दी। यहां खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। संदेह के आधार पर पनीर, पके चावल और आलू-परवल की सब्जी के सैंपल लेकर जांच के लिए रायपुर लैब भेजे गए हैं। वहीं, अनियमितताएं मिलने पर संचालकों को नोटिस जारी कर जरूरी सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से 16 से 30 नवंबर तक 'सुरक्षित आहार, हमर अधिकार' अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिलेभर के होटल और ढाबों में खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान टीम ने एनएच-49 रोड पर चारभांठा खरसिया स्थित न्यू वेलकम ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई व्यवस्था देखने के साथ खाद्य सामग्री की गुणवत्ता भी जांची गई। संदेह होने पर पनीर, पका चावल और आलू-परवल की सब्जी के नमूने लिए गए।

एक ही तेल का बार-बार उपयोग नहीं करने की हिदायत

जांच टीम ने रेस्टोरेंट संचालक को ग्राहकों के स्वास्थ्य का ध्यान रखने और खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही एक ही खाद्य तेल का बार-बार उपयोग नहीं करने की हिदायत दी गई। टीम ने साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़े जरूरी मानकों का पालन करने को भी कहा।

पानी की जांच और रंगों का सीमित उपयोग करने के निर्देश

टीम ने एनएच-49 पर जोरापाली के पास स्थित ढाबा, समीर ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट और चंपारण फास्ट फूड में भी जांच की। यहां साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने, उपयोग किए जाने वाले पानी की गुणवत्ता की जांच कराने और खाद्य पदार्थों में कृत्रिम रंगों का सीमित उपयोग करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा तेल का बार-बार इस्तेमाल नहीं करने और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप जरूरी सुधार करने के लिए संचालकों को नोटिस जारी किया गया।

रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक अभियान के तहत अब तक जिले के 15 से अधिक ढाबों और रेस्टोरेंट की जांच की जा चुकी है। वहीं, 10 से अधिक खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रायपुर लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि खाद्य पदार्थों में किसी तरह की गड़बड़ी या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग की टीम आगे भी होटल और ढाबों में जांच अभियान जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *