
Raigarh News: रायगढ़. वन मंडल रायगढ़ में हाथियों की मौजूदगी साल भर रहती है। ऐसे में समय समय पर उनके द्वारा गांव में पहुंच कर नुकसान भी पहुंचाया जाता है। जहां बीती रात रायगढ़ वन परिक्षेत्र के जुनवानी गांव में एक हाथी पहुंच गया। इसके बाद उसने दो मकानों को तोड़ा और कई सामानों को भी नुकसान पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि रामलाल कुजूर पिता गिरधर कुजूर, पंचराम खलखो पिता घासीराम खलखो का मकान हाथी ने तोड़ा है। साथ ही घर में रखे करीब अस्सी किलो चावल को भी चट कर दिया है। मामले की जानकारी लगने के बाद विभागीय कर्मचारियों व ग्रामीणों के द्वारा रात में हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास भी किया गया। जहां हाथी सुबह करीब साढ़े चार बजे जंगल की ओर चला गया।
इनका फसल किया बर्बाद
बताया जा रहा है कि नर दंतैल हाथी ने गांव के पांस किसानों के फसल के भी नुकसान किया है। जिसमें करूणा सागर, परदेशी साहू, विदेशी साहू, मंगलू साहू, ननकी साहू शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बाड़ी के केला, कटहल को भी हाथी ने बर्बाद कर दिया। जिसका भी आंकलन किया जा रहा है।
यहां भी किया था नुकसान
ग्रामीणों ने बताया कि दो से तीन दिन पहले हाथी बंगुरसिया गांव में भी एक मकान को क्षतिग्रस्त कर घर के अंदर रखे करीब तीन बोरी चावल को भी चट कर दिया था। हाथी के द्वारा एक के बाद एक इस तरह मकानों को नुकसान पहुचाएं जाने से ग्रामीण में भय का माहौल है।
सुबह साढ़े चार बजे जंगल गया
इस संबंध में जुनवानी परिसर रक्षक पालू साहू ने बताया कि रात करीब 11 बजे हाथी गांव पहुंचा और दो मकानों को तोड़ घर में रखे चावल को खाया है। इसके अलावा पांच किसानों के फसल को नुकसान पहुंचाया है। रात में हाथी को जंगल की ओर भगाने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन वह सुबह करीब साढ़े चार बजे जंगल की ओर गया।