जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में 90.2% मतदान, 605 मतदाताओं ने डाले वोट

671 मतदाताओं में से 605 ने किया मताधिकार का प्रयोग, 5 नवबंर को होगी मतगणना; अध्यक्ष समेत अन्य पदों के प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला रायगढ़. जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव को लेकर बुधवार को कोर्ट परिसर में सुबह से ही गहमागहमी रही। निर्धारित समय पर मतदान की प्रक्रिया शुरू होते ही अधिवक्ताओं का मतदान केंद्र पहुंचना शुरू हो गया। चुनाव में अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शाम 5:30 बजे मतदान समाप्त होने तक कुल 671 मतदाताओं में से 605 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह चुनाव में कुल 90.2 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अब गुरुवार को मतगणना होगी, जिसके बाद प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में अक्टूबर महीने से ही सरगर्मी तेज हो गई थी। बुधवार को मतदान के दिन सुबह से ही कोर्ट परिसर में चुनावी माहौल नजर आया। प्रत्याशी और उनके समर्थक भी सक्रिय रहे। अधिवक्ता अपने पसंदीदा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने पहुंचते रहे। शाम करीब 4:30 बजे तक 560 अधिवक्ता मतदान कर चुके थे। इसके बाद अंतिम डेढ़ घंटे में भी मतदाताओं की आवाजाही जारी रही। मतदान का निर्धारित समय शाम 5:30 बजे तक था। इस दौरान कुल 605 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। वहीं मुख्य निर्वाचन अधिकारी बंशीधर गुरु ने बताया कि जिला अधिवक्ता संघ में कुल 671 मतदाता हैं। मतदान को लेकर अधिवक्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। अब गुरुवार को निर्धारित समय पर मतगणना की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अक्टूबर से शुरू हुई थी चुनावी प्रक्रिया जिला अधिवक्ता संघ चुनाव की प्रक्रिया के तहत 7 अक्टूबर की शाम प्राथमिक मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया था। इसके बाद 13 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी हुई। 14 से 23 अक्टूबर तक अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र प्राप्त कर जमा किए। 24 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की गई। वहीं 27 अक्टूबर को अंतिम अभ्यर्थी सूची का प्रकाशन सूचना पटल पर किया गया था। बुधवार को मतदान के बाद अब सभी की नजरें गुरुवार को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *