चलती ट्रेन से यात्री के दो सूटकेस ले भागा अज्ञात चोर, यात्री ने दर्ज कराई शिकायत

रायगढ़. ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री के दो सूटकेस चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित यात्री ने रायगढ़ पहुंचने के बाद जीआरपी थाने में लिखित शिकायत देकर FIR दर्ज करने की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार, शशांक स्वरूप पिता रामचंद्र प्रसाद केशरी (44 वर्ष), निवासी रेलवे कॉलोनी, रायगढ़ 6 सितंबर को ट्रेन नंबर 22844 के AC-1 कोच में सीट नंबर 21 और 22 पर ट्रेन नंबर 22844 बक्सर-बिलासपुर एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि डुमरांव से दानापुर तक वे जाग रहे थे और उस दौरान उनका सामान सुरक्षित था। इसके बाद वे सो गए। सुबह करीब 7:30 बजे नींद खुलने पर उन्होंने देखा कि उनके दो सूटकेस गायब थे। इनमें एक लाल रंग का VIP सूटकेस और दूसरा काले रंग का VIP सूटकेस था। पीड़ित के अनुसार, दोनों बैगों में कपड़े सहित करीब 10 हजार रुपये नगद रखे हुए थे। सूटकेस गायब होने का पता चलने के बाद यात्री ने तत्काल 139 पर संपर्क कर रेल मदद के माध्यम से घटना की सूचना दी। इसके बाद चितरंजन स्टेशन पर RPF टीम ने मामले की जांच-पड़ताल भी की। हालांकि, सामान बरामद नहीं हो सका। आरपीएफ की ओर से यात्री को गंतव्य स्टेशन पहुंचकर जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। रायगढ़ पहुंचने के बाद शशांक स्वरूप ने GRP थाना रायगढ़ में लिखित आवेदन देकर दो सूटकेस चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को जांच में लेते हुए ट्रेन में लगे सीसीटीवी फुटेज, यात्रियों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरोपी और चोरी गए सामान की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *