शिक्षा में नवाचार और स्टार्टअप सोच को बढ़ावा देना समय की जरूरत: वित्त मंत्री ओपी चौधरी

रायगढ़. पीएम श्री शासकीय विद्यालय कोड़ातराई में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान सह फन फेयर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के नवीन भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा आयोजित फन फेयर का अवलोकन कर उनकी रचनात्मकता, आत्मविश्वास और नवाचार की सोच की सराहना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। शिक्षकों की जिम्मेदारी केवल विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम का ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि उनमें जिज्ञासा, रचनात्मकता, नवाचार और नई सोच विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि तकनीक के तेजी से बदलते दौर में विद्यार्थियों में इनोवेशन और स्टार्टअप की सोच विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही विद्यालय के नवीन भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताया।

विद्यार्थियों की रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता को वित्त मंत्री ने सराहा

फन फेयर की विशेषता यह रही कि पूरे आयोजन की जिम्मेदारी विद्यार्थियों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में स्वयं संभाली। मंच संचालन, अतिथि सत्कार, अनुशासन, समय प्रबंधन, कूपन वितरण और विभिन्न स्टॉलों के संचालन में विद्यार्थियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। फन फेयर में बड़ा, डोसा, मंचुरियन, चाउमिन, फ्रेंच फ्राई, चना रोस्ट, आइसक्रीम एवं कोल्ड ड्रिंक सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए गए। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों में केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक समझ, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता, प्रबंधन और संवाद कौशल भी विकसित होता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे नए प्रयोगों के माध्यम से आगे बढ़ाने के अवसर मिलना जरूरी है।

शिक्षकों का सम्मान, नवीन विद्यालय भवन की मिली सौगात

शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कार्यालयीन कर्मचारियों का तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके मार्गदर्शन और योगदान को सराहा। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल, जनपद अध्यक्ष हेमलता हरिशंकर चौहान, जिला पंचायत सदस्य भाग्यवती डोलनारायण नायक एवं बृजेश गुप्ता, जनपद सदस्य गोपी चौधरी, सरपंच मृत्युंजय सिंह ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू, समग्र शिक्षा प्रमुख आलोक स्वर्णकार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल, विद्यालय के प्राचार्य अजय कुमार सिन्हा, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य अजय कुमार सिन्हा ने पीएम श्री योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों, योजनाओं एवं नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय के विकास में सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ व्याख्याता रामसागर पटेल ने आभार प्रदर्शन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *